शीतकालीन सत्र सरकार का आखिरी सत्र होगा, हर मुद्दे पर जवाब मांगेगी भाजपा: जयराम ठाकुर

by
16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला में होगा विधानसभा सत्र, पीपीपी मॉडल, स्टांप शुल्क वृद्धि, नशा और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

एएम नाथ। मंडी, 13 नवंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला में होने वाला शीतकालीन सत्र कांग्रेस सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र होगा। यह दावा नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्र के लिए पूरी तैयारी कर ली है और पार्टी विधायक विभिन्न मुद्दों पर नोटिस तथा सवाल तैयार कर चुके हैं। विपक्ष सदन में सरकार से हर मुद्दे पर जवाब मांगेगा।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता पिछले चार वर्षों में कांग्रेस सरकार के कामकाज से निराश है। हिमाचल प्रदेश आर्थिक और प्रशासनिक संकट से गुजर रहा है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा

प्रदेश में बढ़ते चिट्टे और नशे के कारोबार को लेकर जयराम ठाकुर ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री राजनीतिक वॉकाथॉन निकालकर इसके समाधान का दावा कर रहे हैं। मंडी में आयोजित वॉकाथॉन के दौरान कांग्रेस विधायक अनिल शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि नशे जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है। इस लड़ाई में सभी को मिलकर काम करना होगा।

पीपीपी मॉडल पर सरकार से मांगा जवाब

सरकारी संपत्तियों को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत देने की चर्चाओं पर नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने इसके लिए कौन सा मॉडल तैयार किया है, इसकी शर्तें क्या होंगी और संपत्तियों को निजी भागीदारी में देने के लिए कौन सी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस संबंध में पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रही है। भाजपा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी।

स्टांप शुल्क और टैक्स बढ़ोतरी पर भी निशाना

स्टांप पेपर की कीमत 100 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये किए जाने पर जयराम ठाकुर ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार सेस और टैक्स बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। पानी और बिजली सहित कई क्षेत्रों में दरों में वृद्धि की गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की परेशानियां बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देती है, लेकिन उसके फैसलों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। आर्थिक संकट के बीच सरकार को ऐसे निर्णय लेने से बचना चाहिए, जिनसे आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़े।

चार साल के जश्न पर भी कसा तंज

कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव की आहट सुनाई देने लगी है। ऐसे समय में सरकार को जश्न मनाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मंडी जिले की सभी दस सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राजनीतिक मुद्दों को जटिल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल नहीं होगा। भाजपा नेता किसी दबाव में नहीं हैं और पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस सरकार के जाने का समय आ गया है।

सुंदर ठाकुर की नाराजगी पर बोले- भयंकर नाराज हैं

पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई का दावा किया। कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सुंदर ठाकुर नाराज नहीं, बल्कि भयंकर नाराज हैं। पिछले करीब डेढ़ साल से उनकी उपेक्षा की जा रही है। यह कुल्लू की जनता के आत्मसम्मान और भावनाओं का अपमान है।

कुछ नेताओं के उनके संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बहुत से लोग संपर्क में हैं।

रामपुर उपचुनाव पर टिप्पणी से किया परहेज

रामपुर विधानसभा सीट पर संभावित उपचुनाव को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व विधायक नंद लाल के निधन के कारण यह सीट खाली हुई है। उनका परिवार अभी शोक में है। ऐसे समय में चुनाव को लेकर राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से तारीखों की घोषणा और पार्टी की आगामी रणनीति पर अंतिम प्रतिक्रिया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से दी जाएगी।

 

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

आईटीआई ऊना में रोड सेफ्टी जागरूकता शिविर आयोजित

ऊना 14 मार्च: रोड सेफ्टी अभियान के तहत आज आईटीआई ऊना में एक दिवसीय रोड सेफ्टी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह जानकारी आरटीओ ऊना राजेश कौशल ने दी। उन्होंने बताया कि शिविर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

वैस्ट एनक्लेव सोसायटी ने सरबत की भलाई के लिए श्री सुखमणि साहिब का पाठ करवाया

होशियारपुर / दलजीत अजनोहा  :   वैस्ट एनक्लेव सोसायटी होशियारपुर की तरफ से प्रधान गौरव शर्मा की अध्यक्षता में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित, नववर्ष तथा शहर की सुख समिद्ध...
article-image
दिल्ली , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

पर्यटकों की कार बनी आग का गोला… तीनों ने कूदकर बचाई जान

बगलामुखी मंदिर में माथा टेककर लौट रहे थे दिल्ली; बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने रोकी कार, देखते ही देखते वाहन जलकर राख रोहित जसवाल।  ऊना। ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर नंदपुर में शनिवार...
Translate »
error: Content is protected !!