बीबीएन, 30 मार्च (तारा) : समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय सर्व सहायता संगठन द्वारा सरकारी अस्पताल बद्दी के एक्स-रे कक्ष के लिए एक आवश्यक सिस्टम भेंट किया गया जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. अनिल अरोड़ा ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्व सहायता संगठन लंबे समय से अस्पताल के साथ जुड़ा हुआ है तथा समय-समय पर आवश्यक सहयोग प्रदान करता रहा है। उन्होंने संगठन के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर सोलन ज़ोन के अध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता, डॉ. सरोज तथा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल शर्मा उपस्थित रहे।
कपिल शर्मा ने बताया कि संगठन निरंतर मानव सेवा के कार्यों में संलग्न है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान संगठन द्वारा प्रतिदिन अस्पताल में चाय, बिस्किट एवं ब्रेड की सेवा प्रदान की जाती है। जब भी कभी मरीजों को आवश्यकता होती है संगठन ततपर तैयार रहता है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा किए जा रहे सभी सेवा कार्य पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम हैं तथा इसका श्रेय संगठन की पूरी टीम को जाता है एवं मानव सेवा के कार्य के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
