गढ़शंकर, 5 अक्तूबर : सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के निर्देशों तथा सिविल अस्पताल गढ़शंकर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मल कुमार के नेतृत्व में विशेष ‘ड्राई डे गतिविधि’ के तहत डेंगू जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग गढ़शंकर की टीम के साथ गुरसेवा नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने सिविल अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को डेंगू से बचाव के उपायों तथा बीमारी होने की स्थिति में उचित उपचार के बारे में जानकारी दी। लोगों को मच्छरों की उत्पत्ति रोकने, घरों व आसपास साफ-सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एसएमओ डॉ. निर्मल कुमार, नर्सिंग सिस्टर सुखविंदर कौर, हेल्थ इंस्पेक्टर केवल सिंह, एएनएम मनप्रीत कौर व पूजा देवी सहित नर्सिंग विद्यार्थी, नर्सिंग अध्यापक और आम लोग मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि डेंगू की रोकथाम के लिए अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।
