होशियारपुर, 8 अक्टूबर : पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओ.एस.डी. से जुड़े मामले में सी.बी.आई. द्वारा की गई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटनाक्रम पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज और उसके दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों की जांच के लिए हाईकोर्ट द्वारा सी.बी.आई. को जांच सौंपना एक गंभीर विषय है। इसके बाद सी.बी.आई. द्वारा मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय सहित कई स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार भ्रष्टाचार-मुक्त शासन के दावे करती रही है, लेकिन अब मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों की माननीय पंजाब एन्ड हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा सी.बी.आई. जांच के आदेश देना इन दावों की वास्तविकता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों के चलते सचेत हो चुकी है और आम आदमी पार्टी सरकार का असली चेहरा भांप चुकी है खन्ना ने कहा कि पंजाब सरकार को चाहिए कि सी.बी.आई. जांच को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताने के बजाय जांच में सहयोग करे ताकि पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आ सके।
