एएम नाथ। सुंदरनगर : सुंदरनगर में एक महिला ने एक व्यक्ति पर घर में जबरन घुसकर दुष्कर्म करने, करीब पांच तोले सोने के आभूषण चोरी करने और उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस थाना सुंदरनगर में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महिला के अनुसार, 3 और 4 अगस्त की मध्यरात्रि जीवन नामक व्यक्ति कथित तौर पर जबरन उसके घर के कमरे में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी उसकी अलमारी से करीब पांच तोले सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। शिकायत में महिला ने अपनी जेठानी सोमावती पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर महिला का मेडिकल करवाया है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है तथा आरोपी की तलाश कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नोट: ये सभी आरोप महिला की शिकायत पर आधारित हैं। मामले की सच्चाई पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।
