देहरादून : दून पुलिस ने शहर में चल रहे अवैध देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर कोतवाली कैंट क्षेत्र के बिंदाल इलाके में एक घर पर छापेमारी की गई, जहां से पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया।
पुलिस टीम ने गांधी नगर स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में देर रात छापा मारा। कार्रवाई के दौरान घर के अंदर 3 महिलाएं और 2 पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला रानी देवी समेत आशीष कुमार पांडे और फुलो खान को गिरफ्तार किया है। वहीं, मौके से 3 पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
व्हाट्सएप से चल रहा था पूरा नेटवर्क : पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला अपने घर से ही इस अवैध धंधे का संचालन कर रही थी। वह व्हाट्सएप के जरिए लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजती थी और फोन पर रेट तथा मिलने की जगह तय करती थी। इसके बाद उसका साथी आशीष ग्राहकों तक महिलाओं को पहुंचाने का काम करता था, जिसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था।
बाहरी राज्यों से लाई गई थीं महिलाएं : जांच में यह भी सामने आया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं को काम दिलाने के बहाने बाहरी राज्यों से देहरादून बुलाया गया था। बाद में उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की सख्ती जारी : दून पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
