कर्मचारियों की फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और टीम भावना को मिलेगा बढ़ावा; खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल एवं सांस्कृतिक क्लब का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को अपने सरकारी आवास ओक-ओवर से इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर, शिमला तक आयोजित वॉकाथान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब के गठन का मुख्य उद्देश्य विभागीय कर्मचारियों में खेल भावना, शारीरिक सक्रियता, मानसिक स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्लब कर्मचारियों के बीच टीम वर्क, अनुशासन, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लब के माध्यम से खेल टूर्नामेंट, एथलेटिक प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इससे कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे और कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल विकसित होगा।
उन्होंने कहा कि क्लब खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें निखारने के साथ पारंपरिक हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने में भी योगदान देगा। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामूहिक गतिविधियों से विभागीय कर्मियों के बीच एकता, सद्भाव और आपसी तालमेल मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ और सक्रिय कार्य वातावरण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण तथा सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. गोपाल बेरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
