अणु में छात्राओं की 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 इंडोर खेल प्रतियोगिता शुरू; 12 जिलों और एक स्पोर्ट्स हॉस्टल की 803 खिलाड़ी 10 खेलों में दिखाएंगी दमखम
एएम नाथ। हमीरपुर, 11 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को जल्द ही नादौन में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस स्टेडियम में 14 खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं का प्रावधान किया है। यह बात मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को हमीरपुर के अणु में छात्राओं की 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 इंडोर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कही।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और एक स्पोर्ट्स हॉस्टल की लगभग 803 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ी बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, भारोत्तोलन, कुश्ती, मुक्केबाजी, जूडो, कराटे, वुशू और ताइक्वांडो सहित कुल 10 खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
मेहनत और अनुशासन से हासिल करें सफलता
सुनील शर्मा बिट्टू ने आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से महान धावक मिल्खा सिंह और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इन महान खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। युवा खिलाड़ियों को भी खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए और प्रदेश तथा देश का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
हार से निराश न हों खिलाड़ी
मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल और जीवन में जीत-हार का सिलसिला चलता रहता है। हार मिलने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। निरंतर मेहनत और प्रयास ही सफलता का रास्ता तैयार करते हैं।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए चिट्टा मुक्त अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।
ध्वजारोहण और मार्चपास्ट के साथ प्रतियोगिता का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों के शानदार मार्चपास्ट की सलामी लेकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन और विभिन्न खेल स्पर्धाओं के संबंध में जानकारी भी दी।
