कोच्चि : शहर के वदुथला इलाके में एक किराए के मकान से तीन मासूम बच्चों समेत पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतकों में तिरुवनंतपुरम की दो महिलाएं कनकलता और उनकी बेटी अश्वथी शामिल हैं। मृत पाए गए तीनों बच्चे अश्वथी के ही बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक यह परिवार पिछले कुछ महीनों से वदुथला स्थित एक किराए के घर में रह रहा था और पास के एक निजी अस्पताल में इलाज भी चल रहा था।
एर्नाकुलम नॉर्थ पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि 20 मार्च के बाद से घर में कोई गतिविधि नजर नहीं आई। संदेह होने पर मकान मालिक ने घर के अंदर जाकर देखा, जहां सभी पांचों लोग मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों महिलाओं ने पहले बच्चों की हत्या की और बाद में आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतकों के परिजनों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। साथ ही, इस दुखद घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों की गहन जांच जारी है।
