एएम नाथ। घुमारवीं, 8 अक्टूबर। बिलासपुर जिले के घुमारवीं में गुरुवार को महिला कांग्रेस ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह कर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दिया।
सत्याग्रह के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाया और महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे राहुल गांधी के साथ खड़ी हैं और लोकतंत्र तथा मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेंगी।
धरने में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहीं। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला चौहान ने किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की।
