बजयंत्रियों के सम्मान में दशहरा कमेटी का बड़ा फैसला, पहले ही मिलेगा नजराना
घर लौटते समय परिवार के लिए खरीद सकेंगे सामान, उत्सव से पहले मिलेगा नजराना
एएम नाथ। कुल्लू : अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में देव परंपराओं के निर्वहन में अहम भूमिका निभाने वाले बजयंत्रियों के लिए दशहरा कमेटी ने इस बार खास पहल की है। उत्सव शुरू होने से पहले ही सभी बजयंत्रियों को नजराना प्रदान किया जाएगा। इससे उत्सव के बाद घर लौटते समय वे अपने परिवार के लिए मिठाई और अन्य जरूरी सामान खरीद सकेंगे।
दशहरा कमेटी के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने कमेटी की बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा उत्सव में बजयंत्रियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। देवताओं की सेवा से लेकर विभिन्न देव परंपराओं के निर्वहन तक बजयंत्री पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कई बार बजयंत्रियों को जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। इस बार ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए व्यवस्थाओं को पहले से बेहतर किया जा रहा है। उत्सव में आने वाले सभी बजयंत्रियों के आई-कार्ड भी बनाए जाएंगे। इससे उनकी पहचान सुनिश्चित करने के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
दशहरा कमेटी के इस फैसले से बजयंत्रियों और देव समाज में खुशी है। बजयंत्रियों का कहना है कि समय पर नजराना मिलने से उन्हें घर वापसी के दौरान परिवार के लिए खरीदारी करने में सुविधा होगी। वहीं, आई-कार्ड की व्यवस्था से उत्सव के दौरान उनकी पहचान और सुविधाओं को लेकर भी बेहतर प्रबंधन की उम्मीद है।
