एएम नाथ। बैजनाथ, 24 अक्तूबर : राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने आज पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की 23 टीमों के 132 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया तथा प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों और प्रदेश की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में उन्होंने हाल ही में विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जरूरतों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों को केंद्र सरकार के समक्ष रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का आधार है और हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने, शिक्षण संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना भी आवश्यक है क्योंकि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
अनुराग शर्मा ने कहा कि ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट खेल युवाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, धैर्य और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। अंतर महाविद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, जबकि खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ क्षेत्र में उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण संस्थान है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इस दौरान महाविद्यालय प्रशासन की ओर से उनके समक्ष रखे गए विभिन्न विकासात्मक कार्यों और आवश्यकताओं पर उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आश्वाशन दिया।
*महिला एवं पुरुष वर्ग में इन महाविद्यालयों ने हासिल किए स्थान*
तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ ने प्रथम, सोलन महाविद्यालय ने द्वितीय तथा आरकेएमवी महाविद्यालय ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में एमसीएम डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा ने प्रथम, राजकीय महाविद्यालय संजौली ने द्वितीय तथा सोलन महाविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. उपेंद्र शर्मा, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, पीटीए अध्यक्ष रणजीत राणा, शलभ अवस्थी, सचिन शर्मा, अंकित सूद, मोहिंद्र रिहाल, ऋषभ अवस्थी, चमन भंगलिया, अंशुल धीमान, अजय गौड़ तथा प्रतियोगिता के आयोजकों में भगीरथ ठाकुर, सचिन बरवाल, जोगिंदर सिंह कृतिका शर्मा सुरिंदर मोहन अश्वनी कुमार, रेखा एवं श्रेष्ठा देवी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
