अमित शाह का राहुल गांधी पर निशाना- मोहब्बत की दुकान से नफरत के अलावा कुछ नहीं मिलेगा :1984 दंगों की बरसी पर कांग्रेस की रैली … अमित शाह बोले- सिखों के जख्मों पर छिड़का नमक

by

1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी पर दिल्ली में कांग्रेस की रैली को लेकर उठाए सवाल; बोले- सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ के स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के दिन दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली आयोजित करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन हजारों सिखों की निर्मम हत्या हुई थी, उसी दिन कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने की क्या जरूरत थी।

भाजपा ने पहले ही कांग्रेस से की थी अपील: शाह

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को शायद लगा कि राहुल गांधी उस समय छोटे थे या उन्होंने इतिहास नहीं पढ़ा, इसलिए उन्हें इस दिन के महत्व की जानकारी नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस से अपील की थी कि 1, 2 और 3 नवंबर को कोई बड़ी रैली आयोजित न की जाए, क्योंकि ये वही दिन हैं जब 1984 में सिख विरोधी हिंसा हुई थी।

शाह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।’ उन्होंने कहा कि अब उनके बेटे राहुल गांधी ने उसी दिन दिल्ली में बड़ी रैली आयोजित की है। शाह के मुताबिक, भाजपा ने कांग्रेस से अपील की थी कि इन संवेदनशील दिनों में कोई बड़ा राजनीतिक आयोजन न किया जाए, ताकि सिख समुदाय की माताओं, बहनों और बच्चों की भावनाएं आहत न हों।

कांग्रेस नेतृत्व अपनी जिद पर अड़ा रहा: गृह मंत्री

गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व अपनी जिद पर अड़ा रहा। उन्होंने दावा किया कि विदेश से निर्देश दिए गए कि उसी दिन रैली आयोजित की जाए। शाह ने कहा कि भारत और पंजाब 1984 के दर्दनाक इतिहास को कभी नहीं भूल सकते। उस हिंसा का दर्द आज भी पीड़ित परिवारों के दिलों में है। ऐसे संवेदनशील दिन पर राजनीतिक आयोजन करना उनके जख्मों को फिर से कुरेदने जैसा है।

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने पर कसा तंज

अमित शाह ने इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान में आयोजित रैली और मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी, आपको अगर प्रधानमंत्री बनना है तो ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहिए। आपका नंबर फिर भी नहीं आने वाला।”

उन्होंने राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इससे नफरत के अलावा कुछ नहीं मिलेगा।

258 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

चंडीगढ़ स्थापना दिवस समारोह के दौरान अमित शाह ने करीब 258 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने शहर के विकास, पुलिस आवास, सार्वजनिक परिवहन और शिक्षा-स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की चार पुरानी मांगों पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इनमें से तीन मांगों को दीपावली के बाद पूरा करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इनकी घोषणा चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया अलग कार्यक्रम में करेंगे।

देश के बेहतरीन बस डिपो में शामिल होगा चंडीगढ़ का नया डिपो

गृह मंत्री ने करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिटी बस डिपो का जिक्र करते हुए कहा कि इसका डिजाइन उन्होंने विस्तार से देखा है। यह अंतरराज्यीय बस डिपो देश के बेहतरीन बस डिपो में शामिल होगा और इससे चंडीगढ़ की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा करीब 68 करोड़ रुपये की लागत से पुलिस विभाग के लिए 196 टाइप-3 आवासीय मकान बनाए जाएंगे। शाह ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति का निशान मिलने के साथ पुलिसकर्मियों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उनका लक्ष्य है कि वर्ष 2029 तक चंडीगढ़ पुलिस आवासीय संतुष्टि के मामले में देश में पहले स्थान पर हो।

चंडीगढ़ के लिए ऐतिहासिक है एक नवंबर

अमित शाह ने कहा कि एक नवंबर चंडीगढ़ के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक दिन है। वर्ष 1966 में इसी दिन चंडीगढ़ और हरियाणा की स्थापना हुई थी। इसी दिन चंडीगढ़ पुलिस की शुरुआत हुई थी और अब चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति का निशान प्राप्त करने का गौरव भी मिला है।

उन्होंने कहा कि शिवालिक की गोद में बसा चंडीगढ़ मां चंडी के नाम पर रखा गया है। यह महान सिख गुरुओं की कर्मभूमि भी है। पंजाब और हरियाणा के बीच स्थित चंडीगढ़ पूरे उत्तर भारत की महत्वपूर्ण पहचान है। देश में सुनियोजित शहरों की चर्चा होती है तो चंडीगढ़ का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

पंजाब को बदनाम करने की भाजपा की साजिश बेनकाब… संजय सिंह का आरोप : आप नेता ने नशा तस्कर जग्गा को ‘भाई’ बताए जाने को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि पंजाब को बदनाम करने के लिए भाजपा, अकाली और कांग्रेस साजिश रच रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा कि...
article-image
पंजाब

गढ़शंकर इलाके में अवैध मिट्टी माफिया हुआ बेलगाम, अवैध खनन जोरों पर : निमिशा मेहता

गढ़शंकर, 14 जून  – गढ़शंकर हलके में मिट्टी माफिया द्वारा अंधाधुंध खनन के मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए भाजपा हलका प्रभारी निमिषा मेहता ने कहा कि इस समय हलके में मिट्टी माफिया गिरोह द्वारा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

स्वाइन फ्लू से हिमाचल में बढ़ी चिंता : मंडी में दो नए संक्रमित; 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

सुंदरनगर के डडयाल निवासी 70 वर्षीय महेंद्र ने चंडीगढ़ में उपचार के दौरान तोड़ा दम; जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट एएम नाथ। मंडी। हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों ने चिंता बढ़ा दी...
Translate »
error: Content is protected !!