सोने-नकदी की चोरी की शिकायत को दूसरे आपराधिक मामले में बदलवाने का दावा, महिला थाना प्रभारी पर भी अनुचित काम के लिए दबाव बनाने का आरोप; एसपी बोले- चार साल पुराना है वीडियो
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। होटल में ठहरे एक बालिग प्रेमी जोड़े को गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की कथित धमकी देने के आरोप में एएसपी समेत छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद अब एक महिला का वीडियो सामने आया है। महिला ने निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा और महिला थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि वह सोने और नकदी की चोरी की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन उसकी शिकायत को कथित तौर पर दूसरे आपराधिक मामले का रूप दे दिया गया। महिला ने पुलिस अधिकारियों पर अनुचित काम के लिए दबाव बनाने और लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगवाने का आरोप भी लगाया है।
हालांकि, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने महिला के इस वीडियो को करीब चार साल पुराना बताया है। ऐसे में पुराने वीडियो में लगाए गए आरोपों और पहले हुई जांच की स्थिति भी चर्चा में आ गई है।
होटल में प्रेमी जोड़े को गांजा केस में फंसाने की धमकी का आरोप
सिवनी पुलिस विवाद की शुरुआत होटल सिद्धार्थ से सामने आए एक वीडियो से हुई थी। आरोप है कि 13 नवंबर को एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और अन्य पुलिसकर्मी होटल पहुंचे थे, जहां एक बालिग प्रेमी जोड़ा ठहरा हुआ था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर पुलिस अधिकारी युवक-युवती पर उनके परिजनों को बुलाने का दबाव बनाते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। इसी दौरान युवक के बैग में गांजा रखकर उसे तस्करी के मामले में फंसाने जैसी बात कहे जाने का आरोप भी लगा। वीडियो सामने आने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद एएसपी और एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
चोरी की शिकायत लेकर पहुंची महिला ने केस बदलवाने का लगाया आरोप
इसी विवाद के बीच सामने आए महिला के वीडियो में उसने दावा किया कि वह सोने और नकदी की चोरी की शिकायत लेकर एएसपी दीपक मिश्रा के पास गई थी। महिला के मुताबिक, उसने शिकायत के साथ घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस अधिकारी को दिखाया था, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे दूसरा आवेदन देने की सलाह दी गई।
महिला ने आरोप लगाया कि एएसपी ने उसे अपने पसंदीदा वकील से संपर्क करने को कहा। उसके अनुसार, वकील के माध्यम से ऐसा आवेदन तैयार करवाया गया, जिसमें चोरी की घटना को लूटपाट, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं से जोड़ दिया गया। महिला का कहना है कि उसने इस पर आपत्ति जताई, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।
महिला थाना प्रभारी पर भी लगाए गंभीर आरोप
महिला ने महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि उसे कई-कई घंटे थाने और अन्य सरकारी कार्यालयों में बैठाकर रखा जाता था। महिला के अनुसार, एक दिन उसे एएसपी के चैंबर में ले जाया गया, जहां देर रात तक इंतजार कराया गया। इसके बाद महिला थाना प्रभारी ने कथित तौर पर उसे एएसपी के बंगले पर जाने की सलाह दी।
वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि महिला थाना प्रभारी उस पर अनुचित काम करने के लिए दबाव बना रही थीं। उसने यह दावा भी किया कि उसके कार्यस्थल से मोबाइल फोन चोरी करवाया गया, ताकि मामले से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। महिला के मुताबिक, उसने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी, लेकिन उसे अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली।
महिला की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों का इन नए आरोपों पर पक्ष और जांच का निष्कर्ष भी सामने आना बाकी है।
एसपी बोले- करीब चार साल पुराना है वीडियो
महिला के वीडियो को लेकर पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि यह करीब चार साल पुराना है। यानी इसका हाल में सामने आए होटल वाले विवाद से सीधा संबंध नहीं है। जानकारी के अनुसार, महिला के पुराने मामले की जांच पहले पुलिस मुख्यालय की ओर से सीआईडी को सौंपी गई थी।
अब होटल प्रकरण में छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बीच महिला का पुराना वीडियो सामने आने से सिवनी पुलिस की कार्यप्रणाली पर नए सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, महिला के आरोपों की वास्तविकता और पुराने मामले की जांच में सामने आए तथ्यों का पता आधिकारिक रिपोर्ट से ही चल सकेगा।
