एएम नाथ। लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कोकसर में सोमवार को एक टेंपो ट्रैवलर सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में 7 स्कूली बच्चों और एक शिक्षक को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को मनाली अस्पताल और अन्य को सिस्सू स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित हिमालया पब्लिक स्कूल के 11 विद्यार्थी, एक शिक्षक और चालक टेंपो ट्रैवलर में घूमने आए थे। सोमवार दोपहर बाद वाहन मनाली से रोहतांग दर्रे होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रहा था। इसी दौरान गढ़बोर के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते गर्ग एंड गर्ग कंपनी के प्लांट के नजदीक वाहन सड़क से नीचे पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोकसर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में 11 बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे। हादसे में एक शिक्षक सहित 7 बच्चे घायल हुए हैं। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
परिजनों को दी सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी ने बताया कि घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) प्राप्त कर लिए गए हैं और उनके परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एएसआई श्याम लाल, प्रभारी पुलिस पोस्ट कोकसर की ओर से की जा रही है।
