एएम नाथ। कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गगल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस थाना गगल के तहत सुबह करीब 9:30 बजे युवक निजी बस के टायर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक रछियालु का रहने वाला था। वह स्कूटी पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से सनौरा में रुका था। इसके बाद सड़क पार करने के दौरान वह अचानक निजी बस की चपेट में आ गया। बस का टायर उसके सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय युवक ने हेलमेट पहना हुआ था।
शव नहीं उठाने देने पर सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद चालक और परिचालक के मौके से चले जाने से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क पर चक्का जाम कर दिया। परिजनों ने बस के नीचे से मृतक का शव निकालने की अनुमति भी नहीं दी।
प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
फोटो कैप्शन: गगल में सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा परिजन और स्थानीय लोग।
