चंबा। पर्यटन स्थल खज्जियार में हुए हत्याकांड के मामले में आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस रिमांड के दौरान अब हत्या की मूल वजह का पता लगाने की कोशिश करेगी। मेडिकल कॉलेज चंबा में मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने परिजनों को शव की सुपुर्दगी दी। वहीं भरमौर स्थित पैतृक श्मशानघाट पर मृतक का अंतिम संस्कार शुक्रवार को हिंदू रीति-रिवाज के साथ कर दिया गया।
कुंजलाल खज्जियार में फोटोग्राफी का काम करता था। बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहा था। इस दौरान हुए विवाद में पत्नी रजनी ने ईंट उठाकर कुंजलाल के सिर पर वार कर दिया और उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि आरोपी महिला न्यायालय से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान महिला से गहनता से पूछताछ होगी।
