बीटन के श्री लालपुरी विष्णु धाम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
रोहित जसवाल। ऊना, 6 नवंबर। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीति में उनका मुख्य उद्देश्य जनसेवा और जनकल्याण है। संत-महात्माओं का आशीर्वाद उन्हें समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। संत समाज को सेवा, सद्भाव और परोपकार का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने बीटन स्थित श्री लालपुरी विष्णु धाम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को श्री सतगुरु भूरीवाले गुरु गद्दी परंपरा के दूसरे गद्दीनशीन परम पूजनीय श्री सतगुरु लाल दास जी रकबे वालों के शुभ आगमन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वर्तमान गुरु गद्दीनशीन वेदांताचार्य श्री सतगुरु चेतनानंद जी भूरीवाले से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चेतनानंद जी महाराज का सानिध्य और आशीर्वाद लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने महाराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरोली क्षेत्र के लिए संतों का सानिध्य सौभाग्य की बात है।
स्वास्थ्य केंद्र पर खर्च किए 3.69 करोड़ रुपये
बीटन में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यहां 3.69 करोड़ रुपये की लागत से श्री सतगुरु लाल दास ब्रह्मानंद भूरीवाले गरीबदासीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करवाया गया है। दस बिस्तरों की क्षमता वाले इस केंद्र में चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके।
खेल मैदान के विकास पर खर्च हो रहे दो करोड़
उन्होंने बताया कि बीटन खेल मैदान के विकास के लिए दो करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। इसमें डेढ़ करोड़ रुपये मैदान के सुधार और विकास पर तथा 50 लाख रुपये डे-नाइट खेल मुकाबलों के लिए हाई मास्ट लाइटें लगाने पर खर्च किए जा रहे हैं। विकास कार्य लगभग अंतिम चरण में है। इससे क्षेत्र में रात के समय भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी।
तालाब और पंचायत घर के लिए भी करोड़ों की राशि
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बीटन के तालाब के जीर्णोद्धार पर दो करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा पंचायत घर के निर्माण के लिए एक करोड़ 14 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।
क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अमराली में 31 मीटर ऊंचाई पर 25 लाख लीटर क्षमता का वाटर स्टोरेज टैंक बनकर तैयार हो चुका है। वहीं, पोलियां में 50 लाख लीटर और दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता के जल भंडारण टैंक भी बनाए गए हैं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बीटन के प्रधान योगराज, बालू राम, हरि ओम, जगदीश, रमन कुमार (काला), विक्की प्रधान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
