फर्जी गेट पास बनाकर अश्वगंधा और शतावरी बाहर निकालने का आरोप, दूसरी फर्मों को बेचकर दोबारा कंपनी को बेचने की भी जांच
एएम नाथ। बद्दी : डाबर इंडिया कंपनी में करीब 96 लाख रुपये के कच्चे माल की कथित चोरी का मामला सामने आया है। कंपनी के कर्मचारियों पर फर्जी गेट पास तैयार कर कीमती जड़ी-बूटियां स्टोर से बाहर निकालने और उन्हें दूसरी फर्मों को बेचने का आरोप है। पुलिस ने कंपनी के सीनियर मैनेजर और एक अधिकारी समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, मानकपुर स्थित कंपनी के स्टोर से अश्वगंधा और शतावरी जैसी कीमती जड़ी-बूटियों को कथित तौर पर फर्जी गेट पास के जरिए ट्रकों में भरकर बाहर निकाला गया। आरोप है कि चोरी किए गए माल को एपेक्स इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वास्तिक एंटरप्राइजेज नामक फर्मों को बेच दिया गया।
इसके बाद इसी माल को दोबारा डाबर इंडिया कंपनी को बेचकर लाखों रुपये का कथित गबन किए जाने का आरोप लगाया गया है। कंपनी को इस मामले में करीब 96 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
यूनिट हेड की शिकायत पर कार्रवाई
कंपनी के यूनिट हेड मनीष कपूर ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीनियर मैनेजर दिनेश कौशल, ऑफिसर सुरेंद्र सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित चोरी किस तरह अंजाम दी गई, फर्जी गेट पास तैयार करने में किन लोगों की भूमिका रही और माल को दूसरी फर्मों तक पहुंचाने के बाद दोबारा कंपनी को बेचने की प्रक्रिया कैसे हुई।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से जल्द गिरफ्तारी किए जाने की बात भी कही गई है।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।
