‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल नहीं होने पर संगठन की कार्रवाई; दो उपाध्यक्ष, आठ महासचिव और तीन सचिवों पर गिरी गाज
रोहित जसवाल। मंडी। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल नहीं होने वाले हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के 13 पदाधिकारियों के खिलाफ संगठन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। प्रदेश युवा कांग्रेस ने दो उपाध्यक्ष, आठ महासचिव और तीन सचिवों को उनके पदों से निलंबित कर दिया है। निलंबन आगामी आदेशों तक जारी रहेगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव (संगठन) आर्यन चौहान की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। निलंबित किए गए पदाधिकारियों में युवा कांग्रेस की उपाध्यक्ष अमला कश्यप और अनु कुमारी मराठा शामिल हैं। वहीं, महासचिव पद से साहिल ठाकुर, अजय ठाकुर, रविंद्र राव, सचिन ठाकुर, मनोज कुमार, पूजा ठाकुर, तजिंदर कुमार और अंकुर शर्मा को निलंबित किया गया है।
इसके अलावा युवा कांग्रेस सचिव यशपाल, अर्जुन सिंह और बलदेव सिंतियान को भी पद से निलंबित किया गया है। इस तरह कुल 13 पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
संगठन के आदेशों की अवहेलना मानकर की कार्रवाई
महासचिव आर्यन चौहान ने बताया कि दिल्ली में आयोजित रैली में सभी संबंधित पदाधिकारियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को संगठन के आदेशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता माना गया है।
उन्होंने बताया कि संबंधित पदाधिकारियों को निलंबन की सूचना दे दी गई है। आदेशों की प्रतियां संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई हैं। निलंबन आगामी सूचना तक प्रभावी रहेगा।
