दिल्ली के बाद अब पंजाब की बारी… हुंकार नितिन नवीन की : चंडीगढ़ निगम चुनाव में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल

by

 चंडीगढ़ के सभी 35 वार्ड जीतने का लक्ष्य; AAP नेता ने लगाया नजरबंद करने का आरोप

चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ ही चंडीगढ़ में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को चंडीगढ़ पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा और आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर करने की तैयारी कर रही है। चंडीगढ़ को पंजाब में पार्टी की राजनीतिक मजबूती का अहम पड़ाव बताते हुए उन्होंने इस बार शहर में कमल खिलाने का आह्वान किया।

नितिन नवीन ने कहा कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली में राजनीतिक रूप से जवाब दिया जा चुका है और अब चंडीगढ़ के रास्ते पंजाब में पार्टी के विस्तार का रास्ता तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नेता मैदान में टिकने के बजाय बयानबाजी तक सीमित रहते हैं। संसद में बहस करने का साहस नहीं दिखाते, लेकिन बाहर आकर वीडियो जारी कर बहस की चुनौती देते हैं। भाजपा के लिए उसका मंडल अध्यक्ष ही काफी है, नरेंद्र मोदी को सामने आने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं समझती है। पार्टी किसी विदेशी एजेंडे या टूलकिट के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि देश की जनता के साथ मिलकर विकास के लिए काम करती है।

2024 की हार का हिसाब चुनाव में चुकाने का आह्वान

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चंडीगढ़ में 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी को जो राजनीतिक झटका लगा था, उसका जवाब इस बार नगर निगम चुनाव में जीत के साथ देना है। उन्होंने कांग्रेस को दोबारा राजनीतिक मजबूती हासिल करने का मौका नहीं देने की अपील की।

नितिन नवीन ने कांग्रेस नेतृत्व पर विदेशों में भारत के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति माता-पिता और गुरुओं के सम्मान की सीख देती है। नई पीढ़ी अपनी परंपराओं का सम्मान करते हुए आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रही है।

नक्सलवाद के बाद अब अर्बन नक्सलवाद पर निशाना

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश से नक्सलवाद समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब कुछ ताकतें अर्बन नक्सलवाद के माध्यम से समाज में वैचारिक जहर फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों से देश को सतर्क रहने की जरूरत बताई। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसदों पर महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया।

सेना को जवाबी कार्रवाई की पूरी छूट देने का दावा

नितिन नवीन ने कहा कि पहले देश के सैनिकों के साथ गंभीर घटनाएं होती थीं, लेकिन तत्कालीन सरकार की ओर से प्रभावी जवाब नहीं दिया जाता था। अब सीमा पर तैनात जवानों को परिस्थितियों के अनुसार जवाब देने की पूरी छूट है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम बताया।

महिला आरक्षण कानून जल्द लागू करने का संकल्प

महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जल्द लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पिछले चुनावों में किए गए वादों और संकल्पों को जनता तक पहुंचाने के साथ आगामी चुनाव के लिए नया संकल्प पत्र तैयार करने को कहा।

कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर तीखा प्रहार

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि पार्टी को देश के विकास से अधिक अपने परिवार और राजनीतिक हितों की चिंता रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के साथ कांग्रेस के व्यवहार पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण की व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका कम हुई है। उनके मुताबिक, पहले सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार की गुंजाइश रहती थी, लेकिन अब व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है।

SIR पर विपक्ष को घेरा, मतदाता सूची की शुद्धता का उठाया मुद्दा

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी भाजपा अध्यक्ष ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जनता को भ्रमित कर रहा है। उनके अनुसार, मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम और गलत पते जैसी विसंगतियां सामने आई हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए ऐसे नाम हटाए जा रहे हैं तो विपक्ष को आपत्ति क्यों है।

नितिन नवीन ने दावा किया कि चंडीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतर रहे हैं और विपक्ष के पास पार्टी का मुकाबला करने की क्षमता नहीं है।

युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने का दावा

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्षों में देश के युवाओं की सोच में बदलाव आया है। अब युवा केवल नौकरी पाने की कोशिश नहीं कर रहे, बल्कि नए कारोबार और स्टार्टअप के माध्यम से दूसरों को रोजगार भी दे रहे हैं। उन्होंने देश में दो लाख स्टार्टअप होने का दावा करते हुए मेक इन इंडिया और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख किया।

कोरोना महामारी के दौरान देश की एकजुटता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर लोगों ने एक साथ खड़े होकर संकट का सामना किया। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचने का दावा भी किया।

जतिंदर पाल बोले- एकजुट होकर लड़ेंगे तो जीत तय

इस अवसर पर भाजपा नेता जतिंदर पाल ने कहा कि चंडीगढ़ में चुनावी बिगुल बज चुका है और पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर पन्ना प्रमुख तक संगठन की जिम्मेदारियां तय की जा चुकी हैं। कार्यकर्ताओं को आपसी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ना होगा।

उन्होंने राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लंबे समय से लंबित कई मुद्दों को पूरा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने 50 हजार परिवारों को उनके मकानों का मालिकाना हक दिलाया है।

सभी 35 वार्ड जीतने की तैयारी में भाजपा

नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली के मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा इस बार सभी 35 वार्डों में जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले एक-दो दिनों में चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में पारदर्शिता और संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं और हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

RWA और मार्केट एसोसिएशन से मांगे जाएंगे सुझाव

भाजपा इस बार चंडीगढ़ के लिए संकल्प पत्र तैयार करने में आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की योजना बना रही है। इसके तहत रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट एसोसिएशन, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से सुझाव लिए जाएंगे।

पार्टी का कहना है कि शहर की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखकर संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। जल्द ही इसे जारी करने की तैयारी है।

AAP नेता तरसेम मित्तल ने लगाया नजरबंद करने का आरोप

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के बीच वार्ड नंबर 10 से आम आदमी पार्टी के नेता तरसेम मित्तल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम से पहले उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। मित्तल के अनुसार, वह सेक्टर-27 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान काले कपड़े पहनकर नितिन नवीन को एक पैम्फलेट सौंपना चाहते थे। इसमें चंडीगढ़ की जनता से किए गए वादों को लेकर भाजपा से सवाल उठाए गए थे।

तरसेम मित्तल ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के सवालों से घबराकर पुलिस के माध्यम से उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक रही है। उन्होंने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना चाहते थे और इस तरह की कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि, उनके नजरबंद किए जाने के आरोपों पर पुलिस और भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

पंजाब

उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के क्विज मुकाबले करवाए गए

गढ़शंकर : बब्बर अकाली मैमोरियल खालसा कालेज गढ़शंकर में चल रहे उन्नत भारत अभियान के अधीन गोद लिए गए गांव गढ़ी के सरकारी हाई स्कूल में विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य के लिए जागरुक किया...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

100 से 119 वर्ष के 245 मतदाता मंडी संसदीय क्षेत्र में पंजीकृत

मंडी :   मंडी संसदीय क्षेत्र में 245 शतायु मतदाता हैं। पहली जून को होने वाले मतदान में कितने शतायु अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस पर सबकी नजर रहेगी। कुल्लू जिले के बंजार विधानसभा...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , समाचार , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

सुखबीर बादल तनखइया घोषित : पंथक गलतियों के लिए दोषी कर दिया एलान ,अकाली दल इतिहास के सबसे ज्यादा नाजुक दौर में

अमृतसर । सिखों की सर्वोच्च पीठ श्री अकाल तख्त साहिब ने शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को तनखइया घोषित कर दिया। श्री अकाल तख्त साहिब...
article-image
पंजाब

रोटरी क्लब गढ़शंकर ने सिविल अस्पताल को पीपीई किटें व सैनीटाईजर भेंट किए

गढ़शंकर  : रोटरी क्लब गढ़शंकर द्वारा समाज भलाई कार्यों की श्रृंखला तहत नए वर्ष के आरंभ में कोविड-19 कोरोना महामारी के बचाव हेतु सिविल अस्पताल गढ़शंकर को पीपीई किटें, मास्क व सैनीटाईजर भेंट किए।...
Translate »
error: Content is protected !!