7 से 9 अक्टूबर तक शिमला में सजेगा बाल रंग-मंच 2026
एएम नाथ। शिमला : कीकली चैरिटेबल ट्रस्ट शिमला तथा भाषा विभाग के सौजन्य से 7 से 9 अक्टूबर तक ऐतिहासिक गेयटी थियेटर शिमला में बाल रंग-मंच 2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवा छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ साहित्यकारों को एक मंच पर लाकर विद्यार्थियों में साहित्य एवं रंगमंच के प्रति रुचि विकसित करना है।
बाल रंग-मंच के लिए हिमाचल प्रदेश के 16 लेखकों की कहानियों का चयन किया गया है। इन कहानियों पर प्रदेश के 16 स्कूलों के विद्यार्थी नाटक तैयार करेंगे, जिनका मंचन गेयटी थियेटर में किया जाएगा।
नालागढ़ के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. रणजोध सिंह की कहानी ‘उपहास’ का चयन भी इस आयोजन के लिए हुआ है। कहानी का मंचन 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से 11:30 बजे के बीच किया जाएगा।
वहीं दून वैली पब्लिक स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा शगुन रनोट की कहानी ‘मॉडल चिल्ड्रेनस होम मशोबरा’ (ए ट्रिप टू शिमला) भी चयनित 16 कहानियों में शामिल है। इसका मंचन 9 अक्टूबर को होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2023 और 2024 में भी प्रो. रणजोध सिंह की कहानियां ‘कैंथ का पेड़’ और ‘धर्मराज के दरबार में’ गेयटी थियेटर में मंचित हो चुकी हैं। दोनों कहानियों को प्रदर्शन श्रेणी में क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर पुरस्कार भी मिल चुका है।
