गढ़शंकर, 2 अक्तूबर । गढ़शंकर में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा पिस्तौल दिखाकर दूसरी बाइक पर जा रहे व्यक्ति और उसकी सास से बैग छीनने का मामला सामने आया है। लुटेरे बैग में रखे 10 हजार रुपये, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में सरबजीत सिंह पुत्र जोगा सिंह निवासी बाड़ीया कलां, हाल निवासी खानपुर, थाना गढ़शंकर ने बताया कि वह अपनी सास रानी पत्नी मदन लाल निवासी खानपुर के साथ बाइक नंबर PB-24-F-2558 पर फ्रिज की किश्त जमा करवाने के लिए गढ़शंकर जा रहा था।
उसके अनुसार रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर पैसे मांगे और डराने के लिए हवा में फायर भी किया। इसके बाद दोनों युवक उसकी सास से बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में 10 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन और जरूरी कागजात थे।
गढ़शंकर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
