पंजाब में खाद्यान्न खरीद घोटाले को लेकर ईडी की कई ठिकानों पर छापेमारी

by

ओरिगो कमोडिटीज समेत तीन कंपनियों से जुड़े लोगों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की तलाशी, वरिष्ठ नौकरशाहों और निजी ठेकेदारों के कथित गठजोड़ की जांच तेज

चंडीगढ़, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में खाद्यान्न की खरीद, भंडारण और रखरखाव से जुड़ी कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय की टीमों ने 25 और 26 नवंबर को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन कंपनियों से जुड़े लोगों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की जांच की गई।

ईडी की यह कार्रवाई मेसर्स ओरिगो कमोडिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ग्रेमार्बल इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड (जीएमआई) और मेसर्स शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड से जुड़े व्यक्तियों के ठिकानों पर की गई। जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। आरोप है कि निजी कंपनियों को कथित तौर पर अवैध रिश्वत के बदले अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

ईडी की जांच में वरिष्ठ नौकरशाहों की भूमिका भी संदेह के दायरे में है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि क्या वर्ष 2019-20 में पंजाब स्टेट ग्रेन्स प्रोक्योरमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पनग्रेन) की ओर से दिए गए ठेकों में ओरिगो कमोडिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को कथित रिश्वत के बदले अनुचित लाभ पहुंचाया गया था। इससे सरकारी खजाने को कई करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया गया है।

जांच एजेंसी इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि कथित भ्रष्ट गतिविधियों से अर्जित धन का एक हिस्सा किसी वरिष्ठ नौकरशाह के करीबी रिश्तेदार के नाम पर जमीन खरीदने में तो इस्तेमाल नहीं किया गया। इस लेनदेन में ग्रेमार्बल इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। ईडी के अनुसार, संबंधित रिश्तेदार के नाम पर खरीदी गई एक एकड़ जमीन का भुगतान कथित तौर पर काफी कम दरों पर किया गया। एजेंसी को आशंका है कि इस माध्यम से वास्तविक बिक्री मूल्य छिपाने और संदिग्ध धन को अचल संपत्ति में निवेश करने का प्रयास किया गया हो सकता है।

इसके अलावा, ईडी शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड से जुड़े लोगों के साथ एक वरिष्ठ नौकरशाह के कथित संपर्कों की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि क्या उक्त अधिकारी के परिवार के सदस्यों के माध्यम से कंपनी में वित्तीय हित जुड़े हुए थे। बताया गया है कि संबंधित कंपनी पंजाब सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में अधिकारी के कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी पनग्रेन से कम घनत्व वाली पॉलीइथाइलीन (एलडीपीई) की चादरों की आपूर्ति के ठेके हासिल करती रही।

ईडी के अनुसार, तलाशी अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ अधिकारियों, निजी ठेकेदारों और रियल एस्टेट कारोबारियों के बीच कथित गठजोड़ की जांच करना, अपराध से अर्जित आय का पता लगाना और उससे खरीदी गई संपत्तियों की पहचान करना था। इसमें परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के नाम पर रखी गई संपत्तियां भी जांच के दायरे में हैं।

फिलहाल ईडी मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, ठेकों और संपत्तियों की कड़ियों की जांच कर रही है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

ऊना के मैहतपुर में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ कैदी

एएम नाथ। ऊना :  थाना ऊना के अंतर्गत कैदी गुलशन कुमार पुत्र हुकम चंद, निवासी गांव एवं डाकघर खोली, तहसील व जिला काँगड़ा (हि.प्र.), जोकि बनगढ़ जेल में पोस्को केस और अन्य 4 /5...
article-image
पंजाब

पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन : बठिंडा में दो ट्रकों से 80,000 लीटर इथेनॉल जब्त

बठिंडा :  पंजाब सरकार ने अवैध शराब कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत, बठिंडा...
article-image
पंजाब

सुक्खू सरकार जारी रखेगी योजना : हिमाचल में महिलाओं को बसों में 50 फीसदी की मिलती रहेगी छूट

शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 फीसदी की छूट बंद नहीं होगी। महिलाओं के लिए रियायती सफर सरकार जारी रखेगी। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया...
article-image
पंजाब

नवांशहर के लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र का मुद्दा उठाया सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में

नवांशहर, 9 दिसंबर: श्री आनंदपुर साहिब से सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने लोकसभा में जिला शहीद भगत सिंह नगर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाने में देरी किए जाने का मुद्दा...
Translate »
error: Content is protected !!