21 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन जमा होंगे फॉर्म; लिखित परीक्षा नहीं, 50 अंकों के साक्षात्कार से होगा चयन
चंडीगढ़। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में नौकरी पाने का अवसर है। हाईकोर्ट ने चौकीदार के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 21 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित पोर्टल phconapp.formflix.org/chowkidar पर जाना होगा।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का कम से कम 8वीं पास होना जरूरी है। अधिकतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं (10+2) निर्धारित की गई है। यानी 12वीं से अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयु की गणना 21 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
साक्षात्कार से होगा चयन
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा का प्रावधान नहीं है। उम्मीदवारों का चयन 50 अंकों के साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। साक्षात्कार में अभ्यर्थी की नौकरी के प्रति उपयुक्तता और आचरण का आकलन किया जाएगा।
इतनी देनी होगी आवेदन फीस
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 700 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि एससी/एसटी वर्ग और पूर्व सैनिकों को 600 रुपए शुल्क देना होगा। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले phconapp.formflix.org/chowkidar पोर्टल पर जाएं। होम पेज पर ‘Apply Online’ विकल्प चुनकर जरूरी जानकारी भरें। इसके बाद ‘Applicant Login’ सेक्शन में जाकर आवेदन फॉर्म पूरा करें और अपनी श्रेणी के अनुसार फीस जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी प्रिंट कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें।
