धर्मशाला के मस्तपुर स्थित हिमालय फिलिंग स्टेशन का मामला, मोबाइल बंद कर हुआ लापता; गगल पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन का केस दर्ज किया
एएम नाथ। धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्षेत्र में मस्तपुर स्थित हिमालय फिलिंग स्टेशन पर करीब 25 लाख रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। पंप पर अकाउंटेंट-कैशियर के पद पर कार्यरत अरुण कुमार राणा पर रकम के गबन का आरोप है। बताया गया है कि वह सास की बीमारी का हवाला देकर छुट्टी पर गया था, लेकिन वापस काम पर नहीं लौटा। बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। पंप मालिक की शिकायत पर गगल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2015 से संभाल रहा था नकदी और बैंक लेन-देन
शिकायत के मुताबिक, अरुण कुमार राणा वर्ष 2015 से हिमालय फिलिंग स्टेशन पर अकाउंटेंट और कैशियर के रूप में काम कर रहा था। पेट्रोल पंप की नकदी, बैंक से जुड़े लेन-देन और इंडियन ऑयल कंपनी के साथ हिसाब-किताब संभालने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।
छुट्टी के बाद लौटने का दिया भरोसा, फिर मोबाइल बंद
पंप मालिक कुलदीप सिंह के बेटे नवीन सिंह के अनुसार, अरुण 2 अक्टूबर 2026 को घर चला गया था। उसने 4 अक्टूबर को काम पर लौटने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। 6 और 7 अक्टूबर को उसका मोबाइल फोन बंद मिलने लगा, जिससे संदेह गहराने लगा।
रिकॉर्ड की जांच में सामने आई 25 लाख की गड़बड़ी
अरुण के अचानक लापता होने के बाद पंप मालिक ने लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच करवाई। शिकायत के अनुसार, जांच में करीब 25 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
गगल थाना पुलिस ने अरुण कुमार राणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई भोगिंद्र सिंह और मोहिंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
