मरीजों को मुफ्त चश्मे और दवाइयां भी मिलेंगी, सरकारी अस्पताल में होगा आयोजन
गढ़शंकर, 16 अक्तूबर । क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को आंखों के उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 17 अक्तूबर को सरकारी अस्पताल बीनेवाल में आंखों की जांच एवं मुफ्त ऑपरेशन शिविर लगाया जाएगा। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सोसायटी की गढ़शंकर यूनिट की ओर से आयोजित इस शिविर में जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त चश्मे और दवाइयां भी दी जाएंगी।
बॉडी डोनेशन कमेटी के चेयरमैन डॉ. तरसेम सिंह और समाजसेवी दलजीत सिंह बैंस ने बताया कि यूनिवर्सल हेल्थ क्लीनिक की ओर से सिविल अस्पताल होशियारपुर के सहयोग से यह शिविर लगाया जा रहा है। शिविर के दौरान मरीजों की आंखों की जांच कर जरूरत के अनुसार उपचार किया जाएगा तथा पात्र जरूरतमंद मरीजों के मुफ्त ऑपरेशन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं और सोसायटी के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि आंखों से संबंधित परेशानी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीज इस शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर सोसायटी की गढ़शंकर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. लखविंदर कुमार, सचिव ओंकार सिंह चाहलपुरी, कैशियर राजन मल्हन, जनरल सचिव हरि कृष्ण गंगड़, मोटिवेटर नरेश पाठक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
