बालिकाओं की विवाह योग्य आयु बढ़ाने के लिए एक समिति गठित की जाएगी : राजस्व लोक अदालतों में 45 हजार से अधिक इंतकाल मामलों का निपटारा किया गया: मुख्यमंत्री

by

शिमला :मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रशासनिक सचिवों की ‘मंडे मीटिंग’ की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं विकासात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि आम जन की सुविधा के लिए राजस्व अधिकारी लम्बित राजस्व मामलों का प्राथमिकता से निपटारा सुनिश्चित करें। राज्य में 01 और 02 दिसंबर, 2023 को आयोजित ‘राजस्व लोक अदालत’ के दौरान इंतकाल के 14 हजार से अधिक लम्बित मामलों का निपटारा किया गया। उन्होंने लंबे समय से लम्बित इन मामलों में तेजी लाने के लिए राजस्व अधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत के दौरान अब तक 45 हजार से अधिक इंतकाल के लम्बित मामलों का निपटारा किया गया है और इससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं, चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों के बिजली बिल कम करने के विकल्प तलाशने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं की विवाह योग्य आयु 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने पर विचार कर रही है और इसके लिए शीघ्र ही स्वास्थ्य सचिव के नेतृत्व में एक समिति गठित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने व्यवस्थागत पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों के कामकाज में प्रौद्योगिकी को शामिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी रोजगार कार्यालयों का डिजिटलीकरण किया जाएगा और कुशल श्रमशक्ति को रोजगार प्रदान करने की सुविधा के लिए नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जाएगा।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस और जेल विभाग के आधुनिकीकरण पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रभावी सेवाएं व पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य परिवेश उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत पुलिस सुधारों पर विशेष ध्यान कंेद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेलों में हाई एंड नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले के डगवार में एक अत्याधुनिक दूध प्रसंस्करण संयंत्र प्रस्तावित है और इसका कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी में निर्मित होने वाले सुख-आश्रय सदन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत सभी उपायुक्त कार्यालयों में जिला स्तर पर बैंक खाते खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में आबादी कम करने के लिए आजादी के बाद पहली टाउनशिप परियोजना जाठिया देवी में विकसित की जा रही है। उन्होंने इस परियोजना में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ई-वाहनों का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में 17 ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने अन्य चार्जिंग स्टेशनों और आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि 200 युवाओं ने ई-टैक्सी खरीदने के लिए परिवहन विभाग में आवेदन किया है। सरकार द्वारा ई-टैक्सी खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने वन विभाग में वन मित्रों, पुलिस कांस्टेबलों और जल शक्ति विभाग के पैरा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
बैठक में प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार और अन्य प्रशासनिक सचिव भी उपस्थित थे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

निर्माणाधीन जसकोट हेलीपोर्ट और बस अड्डा हमीरपुर का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण : हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य इस वर्ष मई माह तक पूरा करने के दिए निर्देश

एएम नाथ। हमीरपुर : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हमीरपुर जिला के जसकोट में 18 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस...
article-image
हिमाचल प्रदेश

निशुल्क मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने की कृषि विभाग ने शुरू की कवायद : ‘आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम’ के सम्पूर्णता अभियान के तहत 30 सितम्बर तक चलेगा अभियान–डॉ. कुलदीप धीमान

एएम नाथ। चंबा, 10 जुलाई ‘आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम’ के सम्पूर्णता अभियान के अंतर्गत विभागीय मानक संकेतकों में परिपूर्णता हासिल को लेकर चंबा ज़िला में कृषि विभाग ने किसानों के खेत- खलिहानों की निशुल्क मिट्टी...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा मासिक अभियान के तहत नेत्र जांच शिविर आयोजित

ऊना 1 फरवरी: सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा मासिक अभियान के 15वें दिन आज आईएस बस टर्मिनल ऊना में परिवहन विभाग व रोटरी क्लब ग्रेटर ऊना के संयुक्त तत्वाधान में यात्री व मालवाहन वाहन चालकों...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सीबीएसई स्कूलों में छात्र नामांकन में वृद्धि तेज : मुख्यमंत्री ने तीनों संकाय शुरू करने के दिए निर्देश

एएम नाथ। शिमला : वर्तमान शैक्षणिक सत्र से राज्य के 151 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न लागू करने की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पूरे हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में छात्र...
Translate »
error: Content is protected !!