होशियारपुर के धूत कलां गांव की घटना; 17 वर्षीय इंद्रप्रीत कौर 12वीं कक्षा की छात्रा थी, वारदात के बाद आरोपी फरार
होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले के हरियाना क्षेत्र के गांव धूत कलां में 17 वर्षीय बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता ने अपनी बेटी इंद्रप्रीत कौर पर कृपाण से हमला कर उसकी जान ले ली और इसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी के बेटा न होने के कारण नाराज रहने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी इंद्रप्रीत
मृतका इंद्रप्रीत कौर गांव के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों और परिचितों के अनुसार, वह पढ़ाई में अच्छी थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बेटी को खोने के बाद मां बलजीत कौर का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामा ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के मामा मनजीत सिंह ने आरोप लगाया कि इंद्रप्रीत का पिता बेटा न होने के कारण नाराज रहता था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह का कदम उठा सकता है। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मां के बयान पर केस दर्ज, आरोपी की तलाश
डीएसपी देहाती नरेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को सुबह करीब 7:15 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती पर कृपाण से हमला किया गया था। मृतका की मां बलजीत कौर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
