लुधियाना : हलवारा में थाना सुधार के एक गांव की नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करते हुए सेना के जवान ने एक साल तक दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने उससे मिलने से इनकार कर दिया तो उसने उसके अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत करके पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी जिसके बाद मामले की जांच करते हुए थाना सुधार में आरोपी के खिलाफ धारा 376, 506 आईपीसी 06 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान जवान परमप्रीत सिंह निवासी फल्लेवाल के रूप में हुई है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 16 जनवरी 2023 को उसकी इंस्टाग्राम पर परमप्रीत सिंह से दोस्ती हो गई जो प्यार में बदल गई। इसी दौरान बातचीत करते हुए उसने वीडियो चैट पर लड़की की न्यूड फोटो ले ली। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। 2023 में बातचीत के बहाने उसने पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद उसे एक होटल के कमरे में ले गया और अश्लील हरकतें करने लगा। लड़की ने संबंध बनाने से जब इनकार कर दिया तो उसने गाली गलौज करते हुए लड़की को बुरी तरह पीटा और जबर्दस्ती की।
आरोपी ने लड़की की वीडियो भी बना ली। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल करते हुए उसके साथ संबंध बनाता रहा। थाना सुधार की पुलिस ने परमप्रीत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए उसकी बटालियन और सेना प्रशासन से संपर्क भी शुरू कर दिया है। पुलिस अब उस होटल के बारे में भी जांच कर रही है जहां पीडिता के साथ परमप्रीत ने जबरी दुष्कर्म करते हुए अश्लील फोटो और वीडियो ली।
क्या कहती है पुलिस
थाना सुधार के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि परमप्रीत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए जिला ग्रामीण पुलिस प्रमुख एसएसपी अंकुर गुप्ता के माध्यम से सेना प्रशासन को लिखा जायेगा | क्योंकि आरोपी ने पीडि़ता के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की हैं इसलिए मुकदमे में आईटी एक्ट भी जोडा जायेगा | आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।