श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में 112.68 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास

by

स्वारघाट में डिग्री कॉलेज खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाखड़ा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने व धुलेत में आयुर्वेदिक औषधालय खोलने की घोषणाऐ

श्री नयना देवी :  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला बिलासपुर के श्रीनयना देवी विधानसभा क्षेत्र में 112.68 करोड़ रुपए की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए।

श्रीनयना देवी क्षेत्र के घवांडल चौक में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वारघाट में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की। इससे श्रीनयना देवी के साथ-साथ नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थी भी लाभान्वित होंगे।
उन्होंने श्री शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला श्रीनयना देवी को प्रदेश सरकार के अधीन लाने, श्रीनयना देवी में प्राथमिक शिक्षा खंड कार्यालय स्थापित करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाखड़ा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, बस्सी में नया कानूनगो वृत्त और टरवाड, सलोआ एवं तनबौल के लिए पटवार वृत्त सृजित करने की घोषणा भी की। उन्होंने धुलेत में आयुर्वेदिक औषधालय खोलने तथा श्रीनयना देवी क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक संपर्क सड़कों के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय मंडयाली, स्वाणा, डडोह, भटेड़, सिद्धसूह, समतैहण और उटप्पर को स्तरोन्नत करने की दिशा में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि उटप्पर स्कूल का नामकरण शहीद विजय कुमार करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मंजेड में पशु औषधालय खोलने और मजारी, तरसूह व जगातखाना के पशु औषधालय को स्तरोन्नत करने के लिए भी विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व, जय राम ठाकुर ने ऐतिहासिक शक्ति पीठ और प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल श्रीनयना देवी में 4.35 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तरसूह से समतेहन सड़क, 8.56 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत गुरु का लाहौर दवाट सड़क तथा 3.44 करोड़ से बनी ग्राम पंचायत तरसूह एवं लैहड़ी के विभिन्न गांवों के लिए उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण तथा खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत 66.69 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली विभिन्न पेयजल योजनाओं के स्रोत स्तरीय संवर्द्धन कार्य का शिलान्यास, 14.15 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना स्वाहन एवं भाखड़ा माकड़ी के संवर्द्धन कार्य, श्रीनयना देवी जी में 5.99 करोड़ रुपए से बनने वाली लिफ्ट, श्रीनयना देवी जी मंदिर न्यास के लिए 5.10 करोड़ रुपए के ग्लास ब्रिज तथा श्रीनयना देवी जी मंदिर न्यास के लिए बस अड्डे पर 2.37 करोड़ रुपये से बनने वाले आगंतुक हॉल का शिलान्यास किया। उन्होंने नयना देवी मंदिर परिसर में सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों के लिए एक करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आडियो-वीडियो प्रणाली, 33 लाख रुपये से निर्मित होने वाले वर्षा शालिका और लगभग 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित किए जाने वाले फायर हाईड्रेंट्स का शिलान्यास भी किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि मंदिर परिसर में लिफ्ट के बनने से दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों को माँ श्रीनयना देवी जी के दर्शनों की सुविधा सुलभ होगी। ग्लास ब्रिज बनने से श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को रुचिकर साहसिक गतिविधि तथा गोबिंद सागर और आस-पास के मनोरम दृश्य देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ओडियो-विजुअल प्रणाली की स्थापना से बस अड्डे से मंदिर तक की यात्रा के दौरान श्रद्धालु देवी माँ के दर्शन कर पाने के साथ ही भजन सुनने और मंदिर न्यास द्वारा दी जाने वाली आवश्यक सूचनाएं और संदेश भी प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनयना देवी विधानसभा क्षेत्र में 16 पेयजल योजनाओं के लिए कुल 136 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इनमें से जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पांच पेयजल योजनाओं के लिए 34 करोड़ 19 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। जल शक्ति मंडल बिलासपुर के अंतर्गत कुल 43,573 घरों में से 42,289 में नल उपलब्ध करवा दिए गए हैं। शेष घरों में भी सितंबर तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। जिला बिलासपुर के कुल 1,00,179 घरों में से 98,626 में पेयजल कनेक्शन लगा दिए गए हैं। शेष 1553 घरों को भी जल जीवन मिशन के तहत सितंबर तक पेयजल कनेक्शन प्रदान कर दिए जाएंगे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिला में 37 पेयजल योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं, जिन पर 317 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। श्रीनयना देवी विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन और अन्य योजनाओं के माध्यम से 16 पेयजल योजनाओं के लिए कुल 136 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनाधार प्राप्त करने के लिए जनता की पीड़ा को समझने और राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठ कर विकास कार्यों को अंजाम देने की आवश्यकता होती है। भाजपा के इसी दृष्टिकोण के चलते आज देश और प्रदेश में लोगों ने भाजपा के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व श्रीनयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रीनयना देवी-काला टोबा-शिमला के लिए हिमाचल पथ परिवहन की बस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया तथा स्वारघाट-ऊना बस रूट को पुनः बहाल करने को कहा।
उपायुक्त बिलासपुर पंकज रॉय ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक एस.आर. राणा सहित अन्य उच्च अधिकारी भी इस अवसर पर मंदिर परिसर में उपस्थित थे।
मंदिर न्यास कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री को 10 लाख रुपये का चेक भेंट किया।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने भी जनसभा को संबोधित किया। बिलासपुर लोअर भाजपा मण्डलाध्यक्ष बालकृष्ण ठाकुर ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया किया ।
कार्यक्रम में नालागढ़ के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिला तथा भाजपा मंडल के पदाधिकारी, संगठन के पदाधिकारी अन्यों सहित उपस्थित थे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

3 की मौके पर ही मौत : बोलेरो जीप चिकनी मिट्टी पर फिसलकर खाई में जा गिरी, तीनों पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के रहने वाले

एएम नाथ। मंडी :  मंडी जिले में कटौला के मरोगी मोड़ पर राक्षनाला के पास  सुबह 7:00 बजे बोलेरो जीप चिकनी मिट्टी पर फिसलकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में गाड़ी में सवार...
article-image
Uncategorized , हिमाचल प्रदेश

30 व 31 जनवरी को जिला में होगा राजस्व लोक अदालत का आयोजन- जिला राजस्व अधिकारी

30 व 31 जनवरी को जिला में होगा राजस्व लोक अदालत का आयोजन- जिला राजस्व अधिकार इन्तकाल सत्यापन व तकसीमों के मामलों का किया जाएगा निपटारा एएम नाथ। चम्बा, 27 जनवरी प्रदेश सरकार द्वारा...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

खुफिया एजेंसियों के लिए सांसद मनीष तिवारी ने कानूनी ढांचा और संसदीय निगरानी स्थापित करने पर जोर दिया

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने एक बार फिर से देश की खुफिया एजेंसियों के लिए कानूनी ढांचा और संसदीय निगरानी स्थापित करने पर जोर दिया है। तिवारी ने कहा कि उन्होंने पहली बार 2011...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सीआरसी सुंदरनगर में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को बांटे जा रहे सहायक उपकरण

सुंदरनगर, 05 जनवरी 2024 :   तहसील कल्याण अधिकारी धर्मशीला ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा अधिकृत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की टीम के माध्यम से सीआरसी...
Translate »
error: Content is protected !!