तरनतारन में संपत्ति के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार दोपहर करीब 4:30 बजे बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोप है कि बेटे ने पिता के पेट में किरच से चार वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति-पत्नी फरार हो गए।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय लखविंदर सिंह लखा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनका अपने 30 वर्षीय बेटे हरप्रीत सिंह और बहू जसन (28) के साथ जमीन और मकान में हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा था।
2 किले जमीन और मकान में हिस्से को लेकर था विवाद
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, परिवार में दो किले जमीन और मकान की हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। बेटा मकान में अपना हिस्सा मांग रहा था, जबकि पिता ने संपत्ति में उसे कुछ भी देने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।
10 दिन से परिवार में चल रही थी मारपीट
बताया जा रहा है कि पिछले करीब 10 दिनों से परिवार में विवाद लगातार बढ़ रहा था। इस दौरान कई बार झगड़े और हाथापाई की घटनाएं हुईं। आरोप है कि बहू भी ससुर के साथ मारपीट करती थी।
शनिवार दोपहर घर में एक बार फिर विवाद हुआ। इसी दौरान बेटे और बहू पर लखविंदर सिंह पर हमला करने का आरोप है। बेटे ने कथित तौर पर किरच से उनके पेट में चार वार किए, जिससे उनकी जान चली गई।
बेटे और बहू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर थाना वल्टोहा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने बेटे हरप्रीत सिंह और बहू जसन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है।
डीएसपी बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
