सीएम मान का भाजपा पर निशाना, कहा- ईडी और सीबीआई के सहारे कर रहे चुनावी तैयारी

by

चंडीगढ़, 17 अप्रैल । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि केंद्र सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग विपक्षी दलों, खासकर आम आदमी पार्टी को परेशान करने के लिए कर रही है।

राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के चलते कार्रवाई की जा रही है। अगर भाजपा को पंजाब चुनाव की तैयारी करनी है तो जनता के बीच जाकर करें, न कि ईडी और सीबीआई के जरिये।

उन्होंने पंजाब में हाल ही में हुई ईडी की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ सांसदों और नेताओं के घरों पर छापेमारी की गई, जबकि वे केवल अपनी राजनीतिक भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केवल किसी राजनीतिक दल से जुड़ने पर कोई व्यक्ति ‘दागी’ मान लिया जाता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया।

भगवंत मान ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा आगामी चुनावों, विशेषकर 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर इस तरह की कार्रवाइयां कर रही है। विपक्षी नेताओं पर छापे, नोटिस और जांच का दबाव बनाकर उन्हें डराने और चुनावी मुकाबले से दूर रखने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता के मत से जीते जाने चाहिए, न कि एजेंसियों या दबाव की राजनीति के जरिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं का उपयोग भी राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है।

भगवंत मान ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां जनता अपनी पसंद की सरकार चुनती है, लेकिन पिछले कुछ समय से ऐसा माहौल बन रहा है जिसमें विपक्ष शासित राज्यों को विभिन्न तरीकों से परेशान किया जा रहा है। कभी फंडिंग रोककर, तो कभी राज्यपाल या अन्य संवैधानिक पदों के माध्यम से राज्यों के कामकाज में बाधा डाली जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गैर भाजपा शासित राज्यों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और उन पर केंद्रीय एजेंसियों का दबाव बढ़ाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी को विशेष रूप से इसलिए टारगेट किया जा रहा है, क्योंकि यह पार्टी तेजी से उभरी है और राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत विकल्प बन चुकी है। उनका दावा है कि कांग्रेस भी भाजपा से मिली हुई है और भाजपा नहीं चाहती कि कोई तीसरी मजबूत राष्ट्रीय पार्टी उभरे, इसलिए अन्य विपक्षी दलों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली शराब घोटाले जैसे मामलों में आप नेताओं के खिलाफ जांच की गई और कई वरिष्ठ नेताओं को जेल भेजा गया। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, यह सब एक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विपक्ष को कमजोर करना है।

उन्होंने कहा कि देश की प्राथमिकता रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और महंगाई जैसे मुद्दे होने चाहिए, लेकिन वर्तमान राजनीति में ध्यान इन मुद्दों से हटकर जांच एजेंसियों और राजनीतिक टकराव पर केंद्रित हो गया है। इससे आम जनता के असली मुद्दे पीछे छूट रहे हैं।

भगवंत मान ने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उनकी पार्टी झुकने वाली नहीं है। आम आदमी पार्टी के नेता किसी भी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और वे जनता के बीच अपनी बात रखते रहेंगे।

वहीं, पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मेरे परिसर में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा एक कार्रवाई की गई है। एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर, मैं एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा और मुझे विश्वास है कि सत्य की ही जीत होगी।”

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

गांव झोनोवाल में सर्वसमिति से हुए पंचायत चुनाव में बलविंदर सिंह सोढ़ी को सरपंच चुना

गढ़शंकर । गांव झोनोवाल में सर्वसमिति से हुए पंचायत चुनाव में बलविंदर सिंह सोढ़ी को सरपंच चुना गया और सभी सात पंचायत सदस्यों को चुना गया। गांव झोनोवाल के इकत्र हुए भारी संख्यां में...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब सरकार की बड़ी नाकामी, करोड़ों की लगत से बना मकसूदां स्थित सरकारी स्कूल पड़ा बंद : खन्ना

मामले का खन्ना ने लिया कड़ा संज्ञान, प्रदेश मानवाधिकार आयोग में उठाया मुद्दा होशियारपुर 22 फरवरी : जालंधर के मकसूदां बाईपास के पास शहीद भगत सिंह स्मार्ट स्कूल पंजाब सरकार की नाकामी के कारण...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

अमेजन के जंगलों में पहली बार दिखे “नंगे आदिमानव”…सामने आया दुर्लभ जनजाति का वीडियो

वाशिंगटनः दुनिया में पहली बार अमेजन के जंगलों में आदिमानवों का झुंड दिखाई दिया है। इसका वीडियो फुटेज सामने आया है, जिसमें वह प्राकृतिक (लकड़ी, पत्थर व अन्य धातुओं) के हथियारों के साथ नग्न...
article-image
पंजाब

मनरेगा कर्मचारियों के धरने में पहुंचे पूर्व स्पीकर राणा के.पी. सिंह : कर्मचारियों को नियमित करने की सरकार से की मांग

श्री आनंदपुर साहिब : श्री आनंदपुर साहिब में मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर दिए जा रहे धरने में पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर राणा के.पी. सिंह विशेष रूप से...
Translate »
error: Content is protected !!