सुक्खू सरकार पर सुधीर शर्मा का तीखा हमला …पुरानी योजनाओं पर शिलान्यास, वाहवाही बटोरने में जुटे सुक्खू : सुधीर शर्मा

by

पूर्व सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप, धर्मशाला की अधूरी परियोजनाओं और युवाओं के रोजगार पर मांगा जवाब

एएम नाथ, धर्मशाला। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के धर्मशाला दौरे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पूर्व सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं और केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं का शिलान्यास कर राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली को ‘कोयलपंथी नीति’ करार देते हुए कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय पुरानी योजनाओं के सहारे वाहवाही लूटने में जुटी है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में आइस स्केटिंग रिंक और रोलर स्केटिंग रिंक के लिए बजट का प्रावधान उनके मंत्री रहते तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में किया गया था। ऐसे में इन परियोजनाओं का शिलान्यास कर श्रेय लेने के बजाय सरकार को यह बताना चाहिए कि वर्तमान कार्यकाल में धर्मशाला के लिए कौन-सी नई और बड़ी विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भी घेरा

केंद्रीय विश्वविद्यालय को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए सुधीर शर्मा ने पूछा कि देहरा में निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिजली और पानी के खर्च का वहन कौन कर रहा है। उन्होंने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास आलीशान कार्यालय बनाने और हेलीकॉप्टर व निजी जेट से यात्राओं पर खर्च करने के लिए धन है, लेकिन केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा। उन्होंने सरकार से विकास परियोजनाओं में प्राथमिकताओं और सरकारी धन के इस्तेमाल पर जवाब मांगा।

बस अड्डे पर बदहाली, आईटी पार्क पर ताला

सुधीर शर्मा ने धर्मशाला में निर्माणाधीन बस अड्डे और चेतड़ू स्थित आईटी पार्क की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के लिए उनके कार्यकाल में बजट का प्रावधान किया गया था, लेकिन आज बस अड्डे की स्थिति दयनीय है और आईटी पार्क पर ताला लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने धर्मशाला में प्रस्तावित इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर की स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका आरोप था कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से उपलब्ध करवाए गए धन का भी प्रदेश सरकार समुचित उपयोग नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली के कारण धर्मशाला की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

धर्मशाला-मैक्लोडगंज सड़क और बाहल पुल पर उठाए सवाल

भाजपा नेता ने धर्मशाला-मैक्लोडगंज सड़क की खस्ताहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस सड़क की दशा सुधारने के लिए सरकार अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने सराह गांव को बाहल गांव से जोड़ने वाले पुल का जिक्र करते हुए कहा कि पुल बह जाने के बावजूद इसके पुनर्निर्माण को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जबकि इसके लिए नाबार्ड के माध्यम से बजट का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार से मांगा जवाब

सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के युवाओं के साथ रोजगार और स्वरोजगार के मुद्दे पर विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा और उसके बाहर इस संबंध में बार-बार ऐसे आंकड़े पेश किए गए, जिन पर सवाल उठते हैं। उन्होंने सरकार से रोजगार के अवसरों और स्वरोजगार योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने नई-नई ‘सुख’ और ‘मित्र’ योजनाओं के नाम पर जनता को गुमराह किया है। उनके मुताबिक, यही वजह है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों की उपस्थिति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही।

‘मुख्यमंत्री के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने को कुछ नहीं’

मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि जिस तरह कोयल अपना घोंसला स्वयं नहीं बनाती और दूसरे पक्षियों के घोंसले में अंडे देती है, उसी तरह मुख्यमंत्री भी पूर्व सरकारों के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं और केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है और अधूरी परियोजनाओं, विकास कार्यों की धीमी गति तथा रोजगार के अवसरों को लेकर जवाब चाहती है।

नोट: समाचार में शामिल आरोप और राजनीतिक टिप्पणियां भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के बयानों पर आधारित हैं।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

बजट पर चर्चा कार्यक्रम का जिला ऊना में एलईडी के माध्यम से 5 स्थानों पर होगा लाइव प्रसारणः डीसी

वर्चुअल माध्यम से बजट पर चर्चा करेंगे मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, 11 बजे शुरू होगा कार्यक्रम ऊना 5 मार्च: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर रविवार को बजट 2022-23 पर आम लोगों के साथ चर्चा करेंगे,...
article-image
हिमाचल प्रदेश

‘मेरे शहर के 100 रतन’ छात्रवृत्ति कार्यक्रम का 68 निर्वाचन क्षेत्रों में शिक्षा मंत्री ने शुभारंभ किया : सरकारी स्कूल शिक्षा में उत्कृष्टता के उच्च मानक कर रहे स्थापितः रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि आजादी के समय हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर लगभग 8 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र...
Uncategorized , हिमाचल प्रदेश

नए मापदंड तय किए – बीपीएल परिवारों के चयन के लिए तय किए : इन बीमारियों से पीड़ित लोग भी सूची में होंगे शामिल

एएम नाथ । शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने बीपीएल परिवारों के चयन के लिए नए मानदंड तय किए हैं। संबंधित पंचायत सचिव की ओर से ग्राम सभा की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी की...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर में आम लोगों के साथ दीवाली पर्व मनाया

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपने सरकारी आवास ओक ओवर में आम लोगों के साथ दीवाली पर्व मनाया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता, वरिष्ठ अधिकारी, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तथा आम...
Translate »
error: Content is protected !!