मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा- नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सक्रिय सहयोग जरूरी है। सरकार नशे के खिलाफ अभियान को पुलिस कार्रवाई तक सीमित रखने के बजाय जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 7,950 मामले दर्ज किए गए हैं और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टे सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। वहीं, पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
225 कुख्यात तस्करों पर निरोधात्मक कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात नशा तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें से 159 को वर्ष 2026 में निरुद्ध किया गया। इस कानून के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहे, बल्कि नशे के मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, आपूर्ति नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अंतरराज्यीय संपर्कों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नशे की कमाई से बनाई संपत्तियों पर सरकार का शिकंजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है। इसके अलावा एनडीपीएस आरोपियों की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियों की पहचान की गई है। इनमें से 22 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों के निपटारे के लिए समर्पित राजस्व अधिकारी नियुक्त किया जा रहा है।
168 सरकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई, 51 बर्खास्त
नशे से जुड़े मामलों में सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता पर भी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, ऐसे 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
246 पंचायतें विशेष निगरानी में, 12 हजार लोगों की पहचान
प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिह्नित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्तियों तथा तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। अब तक करीब 12 हजार लोगों की पहचान की गई है, ताकि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ा जा सके और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
नशामुक्ति और पुनर्वास पर भी सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर स्थित नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस के संचालन एवं प्रबंधन के अधीन लाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार, आउट पेशेंट उपचार व्यवस्था को मानकीकृत करने और सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
9,677 शिक्षण संस्थान घोषित हुए तंबाकू मुक्त
शैक्षणिक संस्थानों में एंटी-ड्रग क्लब, प्रहरी क्लब और साथी-शिक्षा कार्यक्रमों को मजबूत किया जा रहा है। जून से अगस्त 2026 के दौरान पुलिस अधिकारियों ने 158 स्कूलों को गोद लिया और 332 शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। प्रदेश के करीब 9,677 शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है।
गोपनीय सूचना के लिए शुरू होगा व्हाट्सएप चैटबॉट
नशा तस्करी से जुड़ी सूचनाएं साझा करने के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू करेगी। इसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए तस्करी से संबंधित जानकारी दे सकेंगे। साथ ही नशे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को उपचार, परामर्श तथा पुनर्वास संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉकाथॉन आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल और आम नागरिक भाग ले रहे हैं। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों, संगठित गिरोहों और नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रखा जा सके।
