अभियान पर खर्च होंगे करीब 50 करोड़ रुपये, कुठेड़ा में अंडर-16 राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन
एएम नाथ। कुठेड़ा (बिलासपुर), 24 नवंबर। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। इसके साथ ही खेल गतिविधियां युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाती हैं।
राजेश धर्माणी सोमवार को कुठेड़ा में आयोजित अंडर-16 छात्र एवं छात्राओं की तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य में समाज, प्रदेश और देश की जिम्मेदारियां संभालेंगे। इसलिए उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए खेलों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
15 दिसंबर से शुरू होगा खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार 15 दिसंबर को धर्मशाला से ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ का विधिवत शुभारंभ करने जा रही है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल गतिविधियों का विस्तार करना, युवाओं को नशे से दूर रखना और स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाना है। विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
खिलाड़ियों की बढ़ाई गई प्रोत्साहन राशि
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की है। हाल ही में शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऐसे खिलाड़ियों को सरकार की ओर से करीब 19 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।
इस अवसर पर उन्होंने कुठेड़ा महिला मंडल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
36 टीमों ने लिया राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा
समारोह में पहुंचने पर जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्र एवं छात्राओं की कुल 36 टीमों ने भाग लिया। इनमें 18 टीमें छात्राओं और 18 टीमें छात्रों की शामिल रहीं।
समापन समारोह में जिला कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खेल अधिकारी, निर्णायक मंडल, विभिन्न टीमों के कोच, खिलाड़ी, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
