मंडी में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के समापन पर साधा निशाना, सुक्खू की कुंडली से लेकर राहुल गांधी और चंबा दौरे तक उठाए सवाल
एएम नाथ। मंडी। हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि कांग्रेस अगले 30 वर्षों तक प्रदेश की सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में 68 जिले भी बना दें, तब भी कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी।
बुधवार को मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के समापन पर जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
सुंदर ठाकुर के मंत्री बनने की चर्चाओं पर भी कसा तंज
जयराम ठाकुर ने कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उन्हें लगातार मंत्री पद देने का आश्वासन देते रहे हैं और वह भी इसी उम्मीद में उनके आगे-पीछे घूम रहे हैं।
उन्होंने कुल्लू दशहरा के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से सुंदर ठाकुर की कुंडली ठीक नहीं होने संबंधी टिप्पणी का जिक्र करते हुए पलटवार किया। जयराम ने कहा कि कांग्रेस की कुंडली पूरे देश ने देख ली है और प्रदेश कांग्रेस की कुंडली खुद मुख्यमंत्री ने खराब कर रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पार्टी के अन्य नेताओं को दरकिनार कर खुद को ही सर्वेसर्वा बनाने में लगे हैं।
68 जिले बनाने से भी नहीं लौटेगी कांग्रेस की सत्ता
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुरानी गारंटियों और अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए नए जिले बनाने की बातें कर रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे प्रदेश में 68 जिले बना दें, लेकिन इससे कांग्रेस की सत्ता में वापसी नहीं होगी। उनके अनुसार, कांग्रेस ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं और अब नए मुद्दों के सहारे अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी की बयानबाजी पर जताई आपत्ति
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का पद किसी परिवार की विरासत नहीं है। इस पद तक पहुंचने के लिए चुनाव जीतना और जनता का समर्थन हासिल करना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व प्रधानमंत्री पद को गांधी परिवार तक सीमित रखने की सोच रखता है।
विधायक नंद लाल के निधन के बाद चंबा दौरे पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने रामपुर के विधायक नंद लाल के निधन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के चंबा दौरे और वहां आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधायक के निधन के बावजूद मुख्यमंत्री ने अपने कार्यक्रम स्थगित नहीं किए।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि यदि चंबा का दौरा इतना जरूरी था तो उसे सादगी के साथ भी पूरा किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस विधायक का पार्थिव शरीर उनके घर के आंगन में रखा था, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री चंबा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नाटी डाल रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को संवेदनहीनता करार दिया।
