‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 17 विधानसभा क्षेत्रों के नेता और कार्यकर्ता जुटे; बिंदल ने सुक्खू सरकार पर कर्ज, गारंटियों और विकास कार्यों को लेकर साधा निशाना
एएम नाथ। हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार को हमीरपुर में संसदीय स्तर की जनसभा और पदयात्रा आयोजित की। बाइपास स्थित कुमार पैलेस में जनसभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में पदयात्रा निकाली। इसमें 17 विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, पूर्व विधायक, मंडल अध्यक्ष तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अभियान की अगुवाई की।
पदयात्रा कुमार पैलेस से शुरू होकर ओल्ड आरटीओ रोड, भोटा चौक और मुख्य बाजार से गुजरते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर तीखे सवाल उठाए।
अनुराग ठाकुर बोले- भाजपा के पांडव एकजुट, कांग्रेस को देंगे जवाब
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए उन्हें झूठ बोलने में माहिर बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पांडव एकजुट हैं और कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में जीत और कांग्रेस की हार सुनिश्चित करेगी।
अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं करवाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले प्रदेश में चुनाव करवाने से पीछे हट रहे थे और अब अपने ही विधानसभा क्षेत्र में चुनाव करवाने से बच रहे हैं।
ईवीएम पर कांग्रेस के सवालों को लेकर किया पलटवार
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान की भावना को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रही है, जबकि विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ईवीएम के जरिए चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री सुक्खू सत्ता में आए हैं तो क्या वह इस्तीफा देंगे? अनुराग ने केरल में एसआईआर के बाद हुए चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस से वहां के नतीजों पर भी जवाब मांगा।
रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों को जुटाने के कांग्रेस के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 50 हजार लोगों की भीड़ तक नहीं जुटा पाई। उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता और दंगा फैलाने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया।
बिंदल बोले- प्रदेश में भाजपा की वापसी तय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर विदेशी शक्तियों के प्रभाव में काम करने तथा देश को अराजकता की ओर धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश सरकार को अब तक की सबसे निकम्मी सरकार करार देते हुए कहा कि यह सरकार भी जाएगी और हिमाचल में भाजपा की वापसी होगी।
बिंदल ने मंडी और हमीरपुर में हुई पदयात्राओं को जनता का समर्थन मिलने का दावा किया। मुख्यमंत्री सुक्खू के भाजपा में गुटबाजी संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने तकिये के नीचे झांककर देखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा प्रदेश की सभी 68 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
1.10 लाख करोड़ के कर्ज और गारंटियों पर सरकार को घेरा
बिंदल ने प्रदेश पर करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज होने का हवाला देते हुए आत्मनिर्भर हिमाचल के सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों की स्थिति को लेकर भी प्रदेश सरकार की आलोचना की।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 28 लाख महिलाएं 72 हजार रुपये का हिसाब मांग रही हैं। बिंदल ने कहा कि जनता सरकार से चुनाव के दौरान दी गई हर गारंटी का जवाब मांगेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा, रणधीर शर्मा और त्रिलोक जम्वाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी अभियान में शामिल होने वाले नेताओं में थे
