मुख्यमंत्री ने हाइबिस्कस योजना का किया शुभारंभ : जैव विविधता संरक्षण के लिए 2 करोड़ रुपये जारी

by
एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश में जैव विविधता संरक्षण को सुदृढ़ बनाने तथा सतत आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल बायोडायवर्सिटी स्टेकहोल्डर-लेड कंजर्वेशन यूनिफाइड योजना (हाइबिस्कस) का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से पारिस्थितिकी तंत्र की पुनर्बहाली, जैव विविधता संरक्षण तथा जैविक संसाधनों के सतत उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
योजना के राज्यव्यापी क्रियान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा वन विभाग को दो करोड़ रुपये की राशि जारी की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हाइबिस्कस योजना हिमाचल की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण समुदायों के लिए सतत आजीविका के अवसर सृजित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना पारिस्थितिकी पुनर्बहाली, जलवायु अनुकूलन क्षमता बढ़ाने, औषधीय पौधों के संरक्षण तथा बाजार से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्री सुक्खू ने कहा कि इस योजना से राज्य के लगभग दो लाख किसान तथा 10,000 सामुदायिक समूह लाभान्वित होंगे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड, औद्योगिक साझेदारों तथा किसानों की सहभागिता पर आधारित लागत-साझेदारी मॉडल अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि जियो-टैग्ड फोटो, मैदानी निरीक्षण और ऑनलाइन डैशबोर्ड के माध्यम से डिजिटल निगरानी की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा समुदाय आधारित प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करती है तथा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश को अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह योजना राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के ढांचे पर आधारित है। इस योजना का लक्ष्य वैज्ञानिक प्रबंधन को पारंपरिक ज्ञान के साथ जोड़ते हुए जैव विविधता-आधारित विकास मॉडल स्थापित करना है। इसके अंतर्गत जैव विविधता प्रबंधन समितियों को सशक्त बनाना, प्राथमिकता प्राप्त औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देना, प्राकृतिक आवासों की गुणवत्ता में सुधार करना तथा लाभों का समान और न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करना इत्यादि शामिल हैं।
योजना के तहत वन भूमि, सामुदायिक भूमि, निजी भूमि तथा कृषि भूमि पर पौधारोपण, औषधीय एवं सुगंधित पौधों का संरक्षण खेती, नर्सरी विकास, क्षमता निर्माण तथा बाजार से जुड़ी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. अभिषेक जैन, सचिव पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन सुशील कुमार सिंगला, निदेशक पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन तथा सदस्य सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड पुष्पेन्द्र राणा, संयुक्त सदस्य सचिव डॉ. सुरेश सी. अत्री तथा वन विभाग एवं हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

कब होगे पंचायत चुनाव ? सीएम सुक्खू ने दे दी बड़ी जानकारी

एएम नाथ । शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में पंचायत चुनावों को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव समय पर ही होंगे और...
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

पालमपुर बस स्टैंड को विकसित करने के लिए बनेगा मास्टर प्लान: डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री

बस स्टैंड का किया निरीक्षण, ग्वाल टिल्ला में नुक्सान का लिया जायजा पालमपुर, 21 अगस्त। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पालमपुर बस स्टैंड के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा ताकि लोगों को...
article-image
हिमाचल प्रदेश

जोगिंद्रा बैंक ऋण प्रकरण में अधिवक्ता मुकेश शर्मा की चौथी शिकायत, NABARD से निष्पक्ष जांच की मांग

MMSY ऋण और सब्सिडी मामले में फिर उठे सवाल, अधिकारियों की भूमिका जांचने की मांग चार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं, अधिवक्ता ने NABARD से मांगा स्पीकिंग ऑर्डर एएम नाथ। सोलन : जोगिंद्रा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

शराब के ठेको की नीलामी में आरक्षित मूल्य की तुलना में 7.42 प्रतिशत की वृद्धि

हमीरपुर 05 मार्च। वर्ष 2024-2025 के लिए जिला हमीरपुर की पांच शराब के ठेको के आवंटन हेतु निविदा एवं बोली प्रक्रिया मंगलवार को बचत भवन हमीरपुर में एडीसी मनेश यादव की अध्यक्षता में संपन्न...
Translate »
error: Content is protected !!