गढ़शंकर : गढ़शंकर-होशियारपुर सड़क पर अनाज मंडी सैला खुर्द के पास देर रात करीब आठ वजे हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दिलबाग सिंह निवासी रायपुर गुज्जरां और *शक्ति सिंह निवासी कितनां* की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक दोनों व्यक्ति स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB-24-D-0813 पर सैला खुर्द से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान होशियारपुर से गढ़शंकर की तरफ जा रहे *ट्राला नंबर PB-03-AJ-4868* की चपेट में उनकी मोटरसाइकिल आ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ट्राले में फंस गया, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ट्राला रुकवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला चालक वाहन रोकने के बाद मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
आधा घंटा बाद पहुंची पुलिस, एंबुलेंस के लिए भी करना पड़ा इंतजार :
हादसे के बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस और एंबुलेंस की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। लोगों के मुताबिक दुर्घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जबकि इसके काफी समय बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हादसे की भयावहता के बीच राहत एवं बचाव व्यवस्था में हुई देरी को लेकर लोगों में रोष देखने को मिला।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राला कब्जे में ले लिया :
और दोनों मृतकों के शवों को सिवल अस्पताल गढ़शंकर पहुंचाया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
