भदौड़ (बरनाला)। भदौड़ के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों द्वारा एक शिक्षक की कथित आपत्तिजनक AI वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रों ने AI सॉफ्टवेयर की मदद से शिक्षक की छवि खराब करने के उद्देश्य से वीडियो तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षक ने पुलिस को शिकायत दी। थाना भदौड़ के प्रभारी हरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साइबर टीम कर रही जांच
पुलिस ने संबंधित छात्रों और शिक्षक को थाने बुलाकर पूछताछ की है। साइबर और तकनीकी टीम की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किस डिवाइस से तैयार की गई और इसे सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित किया गया।
पुलिस के अनुसार जांच के बाद उपलब्ध तथ्यों और बयानों के आधार पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन में भी हलचल है।
