नारेबाजी के बाद महिला थाना पहुंचीं कांग्रेस कार्यकर्ता; लिखित शिकायत देकर वीडियो-ऑडियो साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग
रोहित जस्वाल। ऊना। दिवंगत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर भाजपा नेता अजय कुमार जोशी की कथित टिप्पणियों पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर जिला ऊना महिला कांग्रेस ने सड़क से थाने तक मोर्चा खोलते हुए प्रदर्शन किया और अजय जोशी के खिलाफ महिला पुलिस थाना ऊना में लिखित शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अजय जोशी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महिला थाना पहुंचकर पुलिस को शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 30 सितंबर को मीडिया से बातचीत के दौरान अजय कुमार जोशी ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें महिला कांग्रेस ने आपत्तिजनक, अपमानजनक और असंवेदनशील बताया।
वीडियो-ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग
महिला कांग्रेस ने पुलिस से मामले से संबंधित वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करने तथा संबंधित गवाहों के बयान दर्ज करने का आग्रह किया है। शिकायत के माध्यम से पुलिस से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता ओमकार कपिला और कांग्रेस नेता पवन ठाकुर भी मौजूद रहे।
‘राजनीतिक विरोध मुद्दों तक सीमित रहना चाहिए’
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक विरोध नीतियों और मुद्दों तक सीमित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी दिवंगत महिला को लेकर कथित रूप से की गई टिप्पणी को सामान्य राजनीतिक बयानबाजी नहीं माना जा सकता।
जिला परिषद सदस्य सुरिंदर कौर मान ने कहा कि कॉलेज के नामकरण को लेकर विवाद खड़ा करने के बजाय क्षेत्र में हो रहे शैक्षणिक कार्यों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
‘सिम्मी के सामाजिक योगदान को करीब से देखा’
हरोली महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के साथ काम किया है और उनके सामाजिक योगदान को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए।
पुलिस बोली—शिकायत का अवलोकन जारी
महिला थाना प्रभारी सुमन ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत का अवलोकन किया जा रहा है और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में जिला परिषद सदस्य सुनीता देवी, ज्योतिबाला, सुभद्रा देवी, उर्मिला देवी, सुनीता कुमारी, सुमन देवी, नीलम कुमारी सहित महिला कांग्रेस की अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
दिवंगत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर भाजपा नेता की कथित टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद अब पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। ऐसे में पुलिस की जांच और शिकायत पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
