एएम नाथ। मंडी: युवती से शादी का वादा कर दुष्कर्म करने के आरोप में मंडी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को कांगड़ा जिले के थुरल से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित हिमाचल से बाहर जाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार युवक की पहचान समीर पुत्र दिलशाद निवासी सरबट, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
शादी का झांसा देकर मंडी लाने का आरोप
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि समीर ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसके बाद वह उसे मंडी लेकर आया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती के अनुसार बाद में आरोपित उसकी बाइक, मोबाइल फोन, करीब 70 हजार रुपये नकद और गहने लेकर चला गया और उसे चंडीगढ़ छोड़ दिया। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया।
29 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत
युवती ने 29 अगस्त को पुलिस में शिकायत दी थी। आरोपित की तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था। हाल में युवती मंडी पहुंची और उसका बयान वाला वीडियो सामने आया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि मोबाइल फोन ऑन होने के बावजूद पुलिस आरोपित का पता नहीं लगा पा रही है।
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को कांगड़ा के थुरल से गिरफ्तार कर लिया।
जीरो एफआईआर के जरिए मंडी पहुंचा था मामला
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला मूल रूप से पुलिस थाना सिविल लाइंस, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से प्राप्त जीरो एफआईआर के माध्यम से थाना सदर मंडी में दर्ज हुआ था।
