भोगपुर में देर रात कई वाहनों को मारी टक्कर, हादसे के बाद लोगों ने पुलिस वाहन को घेरा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, मेडिकल जांच में शराब के नशे की पुष्टि
भोगपुर। भोगपुर में सोमवार देर रात शराब के नशे में सरकारी रिकवरी वैन चलाने के आरोप में पुलिस विभाग ने एएसआई गुरसिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। एएसआई ने कथित तौर पर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े और चल रहे 3-4 वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की रिकवरी वैन को घेर लिया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जानकारी के अनुसार एएसआई गुरसिंदर सिंह पुलिस लाइन जालंधर में तैनात था और भोगपुर नेशनल हाईवे पर सरकारी रिकवरी वैन की ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक वाहन का टायर भी फट गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। एएसआई गुरसिंदर सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल काला बकरा भेजा गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने एएसआई गुरसिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस की ओर से घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
