महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर : कमलेश ठाकुर ने बांटे स्टाइपेंड और प्रमाणपत्र
एएम नाथ। नादौन, 12 अक्टूबर। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने सोमवार को सेरा स्थित विश्राम गृह में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) और उद्योग विभाग की ओर से संचालित योजना के तहत प्रशिक्षित स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों की सदस्यों और अन्य उद्यमियों को स्टाइपेंड राशि और प्रमाणपत्र वितरित किए। यह प्रशिक्षण लघु एवं मध्यम उद्यम विकास से जुड़ी रैम्प योजना के तहत दिया गया है।
इस अवसर पर विधायक ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं, छोटे उद्यमियों और विशेषकर महिलाओं का कौशल विकास करना है, ताकि वे स्वरोजगार के अवसर तलाशने के बजाय अपने उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की संख्या और अवधि बढ़ाने पर विचार करेगी, जिससे अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं को लाभ मिल सके।
युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने पर जोर
कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार ने साढ़े तीन वर्षों के दौरान विभिन्न विभागों में हजारों पद भरे हैं। साथ ही, दो दिन पहले हुई कैबिनेट बैठक में लगभग 15 हजार और पदों को भरने की मंजूरी दी गई है।
विधायक ने युवाओं और महिलाओं से कौशल विकास निगम के प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने हुनर को रोजगार तथा उद्यमिता से जोड़ने का संदेश भी दिया।
अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम से पहले एचपीकेवीएन के समन्वयक अतुल कड़ोहता और महाप्रबंधक अमित कलठैक ने विधायक का स्वागत किया तथा निगम के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर एचपीकेवीएन की जिला समन्वयक निशा कटोच, जिला परिषद सदस्य रविंद्र सिंह, एसडीएम निशांत शर्मा, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ठाकुर भगत नेगी, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
