पिस्तौल के बल पर अगवा कर तेजधार हथियारों से किया हमला, सुनवां बस्ती के पास जंगल में फेंका; आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर में बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक नाबालिग की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रंजिश के चलते दो युवकों ने पिस्तौल के बल पर नाबालिग को अगवा किया और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे सुनवां बस्ती के पास जंगल में फेंककर आरोपी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग राजमिस्त्री का काम करता था। ठेकेदार बलविंदर सिंह ने बताया कि वह उनके पास काम करता था। उनके अनुसार, दो युवक वहां पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर नाबालिग को अपने साथ ले गए। बाद में आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया और उसे जंगल के पास फेंक दिया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
घायल नाबालिग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
डीएसपी कर्ण शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
