गोलक टूटी मिली, त्रिशूल और कार्तिक भगवान की मूर्ति गायब; खेत में पशुओं के चारे को भी आग लगाने का आरोप
गढ़शंकर, 27 अक्तूबर। गढ़शंकर ब्लॉक के गांव बडेसरों में खेतों में स्थित एक शिव मंदिर में मूर्तियां खंडित करने और पशुओं के सूखे चारे को आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के बलवीर सिंह पुत्र भजन सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 299, 331, 305 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव बडेसरों निवासी मुकेश कुमार पुत्र महादेव ने बताया कि उसके ताया के खेतों में एक धार्मिक स्थल बना हुआ है, जहां भगवान शिव परिवार की मूर्तियां स्थापित हैं। उसके अनुसार, 26 अक्तूबर को सुबह करीब साढ़े छह बजे जब वह मंदिर में माथा टेकने गया तो भगवान शिव, नंदी महाराज और माता पार्वती की मूर्तियां खंडित मिलीं। मंदिर में रखी गोलक भी टूटी हुई थी, जबकि त्रिशूल और भगवान कार्तिकेय की मूर्ति गायब थी।
पशुओं के चारे को भी आग लगाने का आरोप
मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मंदिर के बाहर विजय कुमार पुत्र नसीब चंद के खेत में रखे तूड़ी के कूप और मक्की के डंठलों में भी आग लगाई गई थी। ये पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस घटना को गांव के बलवीर सिंह ने अंजाम देकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उसने यह भी दावा किया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में गांव बडेसरों और गांव पदराणा स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में बेअदबी के मामलों में भी केस दर्ज हुए थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
