सुरेंद्र कुमार को नौणी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार और मानव भारती विश्वविद्यालय के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार; भूपेंद्र कुमार बने एचपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच एचपीएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत अधिकारियों को विभिन्न विभागों और संस्थानों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
2013 बैच के एचपीएएस अधिकारी सिद्धार्थ आचार्य को डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन के रजिस्ट्रार पद से स्थानांतरित कर दिया गया है। वह मानव भारती विश्वविद्यालय सोलन के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे। अब उन्हें हिमाचल प्रदेश सचिवालय शिमला स्थित कार्मिक विभाग (पूल) में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें आगामी तैनाती के लिए पूल में रखा गया है।
सुरेंद्र कुमार को दो संस्थानों का अतिरिक्त कार्यभार
2015 बैच के एचपीएएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार को डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें मानव भारती विश्वविद्यालय सोलन के प्रशासक की जिम्मेदारी भी दी गई है। वह वर्तमान में जिला उद्योग केंद्र सोलन में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने तबादले और तैनाती संबंधी आदेश जारी किए हैं। विशेष सचिव (कार्मिक) राजीव कुमार ने आदेशों की पुष्टि की है।
भूपेंद्र कुमार बने एचपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक
एक अन्य प्रशासनिक आदेश के तहत प्रदेश सरकार ने 2009 बैच के एचपीएएस अधिकारी भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचपीएसआईडीसी) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से स्थायी आधार पर की गई है।
यह नियुक्ति संजीव कुमार गांधी के स्थानांतरण के बाद की गई है। संजीव कुमार गांधी को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, शिमला का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
