‘हमारे बुजुर्ग, हमारा मान’ अभियान के तहत आंखों, कैंसर, हड्डियों और याददाश्त संबंधी बीमारियों की होगी जांच
गढ़शंकर, 2 नवंबर। पंजाब सरकार की ओर से बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सम्मान और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे ‘हमारे बुजुर्ग, हमारा मान’ अभियान के तहत 3 नवंबर कोसिवल अस्पताल गढ़शंकर में विशेष मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएमओ डॉ. निर्मल कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। शिविर में बुजुर्गों की आंखों की मुफ्त जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, डिमेंशिया (याददाश्त संबंधी बीमारी), हड्डियों की जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान आंखों की जांच में जिन बुजुर्गों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उनके ऑपरेशन स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहयोग से बिल्कुल मुफ्त करवाए जाएंगे। यह शिविर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, ताकि बुजुर्गों में बीमारियों की समय पर पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुजुर्गों तथा उनके परिजनों से अपील की गई है कि वे 3 नवंबर को सब-डिवीजनल अस्पताल गढ़शंकर पहुंचकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाएं। साथ ही अन्य बुजुर्गों को भी शिविर के प्रति जागरूक करें।
