रोहित जसवाल। धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला की बीए अंतिम वर्ष की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मिले सुसाइड नोट और छात्रा की मां की ओर से लगाए गए आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है। मां ने कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर पर बेटी के साथ कथित दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 12 नवंबर को कॉलेज में सबके सामने हुई कथित बेइज्जती के बाद से बेटी परेशान थी।
परिजनों के अनुसार, शिव मंदिर सकोह के पास रहने वाली छात्रा ने नाले के समीप एक एंगल से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर धर्मशाला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
मां ने प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
छात्रा की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर ने बेटी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। मां के मुताबिक, 12 नवंबर को कॉलेज में सबके सामने हुई घटना के बाद बेटी मानसिक रूप से परेशान थी। उन्होंने पुलिस से संबंधित अध्यापिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सुसाइड नोट और शिकायत के आधार पर जांच
पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान संबंधित प्रोफेसर से भी पूछताछ की जा सकती है। मामले की पुष्टि एसपी कुलभूषण वर्मा ने की है।
नोट: प्रोफेसर के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के सभी पहलू स्पष्ट हो सकेंगे।
